ललितपुर। शहर में डेंगू, चिकनगुनिया पर प्रभावी नियंत्रण के लिए किए जा रहे निरीक्षण में 391 घरों एवं दो कार्यालयों में मच्छर का लार्वा पाया। इस दौरान विभिन्न जगहों पर भरे पानी को खाली भी कराया।
जिला मलेरिया अधिकारी के निर्देशन में सहायक मलेरिया अधिकारी के सिंह यादव वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक अजब सिंह यादव एवं मलेरिया निरीक्षक हरिश्चंद्र नामदेव ज्ञानेंद्र गौतम द्वारा जनपद के विभिन्न कार्यालयों एवं शहरी मोहल्लों में डेंगू चिकनगुनिया के प्रभावी नियंत्रण हेतु सर्वेक्षण किया गया। इसमें कार्यालयों में स्थापित कूलरों व परिसर में रखे अन्य कंटेनरों की सघन जांच की। जिन कार्यालयों में कूलरों तथा परिसरों में रखे कंटेनर में मच्छरों के लारवा पाए गए। उन्हें मौके पर ही खाली करवाया गया तथा नोटिस जारी करते हुए भविष्य में सप्ताह में एक बार सभी कूलर एवं कंटेनरों की अच्छी तरह सफाई के पश्चात दोबारा पानी भरने, शरीर को पूरी तरह ढकने वाले कपड़े पहनने की स्वास्थ्य शिक्षा दी गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रताप सिंह के द्वारा मच्छरों से होने वाली बीमारियों के संक्रमण काल को देखते हुए आम जनता से घरों में स्थापित कूलर कंटेनर छतों पर स्थापित टंकी अन्य प्रयोग टायरों प्लास्टिक के टूटे-फूटे बर्तन आदि की सप्ताह में एक बार सफाई करने की अपील की गई। इस दौरान चेतावनी दी गई कि यदि किसी भी व्यक्ति के घर में मच्छरों के लार्वा पाए गए तो उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जुलाई माह से अभी तक 11553 घरों का सर्वे किया। इसमें अब तक 391 घरों में लार्वा पाए गए। प्रभावित क्षेत्रों में लार्वा रोधी दवा का छिड़काव भी कराया गया।