ललितपुर। बिजली बिल राहत योजना में जनपद की कम प्रगति पर मुख्य अभियंता झांसी ने 6 और अभियंताओं के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की है। इससे बिजली विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। बिजली बिल राहत योजना विद्युत बकायेदारों से वसूली के लिए अधिकारियों को अधिक से अधिक पंजीकरण कराकर वसूली करने के निर्देश दिए हैं।
जनपद में वर्तमान में 81 हजार 489 उपभोक्ताओं पर एक अरब 32 करोड़ 19 लाख रुपये बकाया है लेकिन जनपद में कुछ अभियंताओं की प्रगति बिजली बिल राहत योजना में काफी खराब रही है। ऐसे में बीते दिनों आगरा से वाणिज्यिक मुख्य अभियंता जनपद दौरे पर आए थे और उन्होंने बिजली बिल राहत योजना में प्रगति खराब मिलने पर तीन अवर अभियंताओं को चेतावनी दी थी। अब पहला चरण खत्म होने पर मुख्य अभियंता झांसी ने छह अ वर अभियंताओं को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की है। इनमें बांसी उपकेंद्र के अवर अभियंता सुमित सनोरिया, पूराकलां विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता मोहम्मद इस्लाम, महरौनी उपकेंद्र के अवर अभियंता हर प्रसाद, मड़ावरा विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता मनोज कुमार, बिरधा के अवर अभियंता लक्ष्मी नारायण और अवर अभियंता प्रभु दयाल शामिल हैं।