संवाद न्यूज एजेंसी
महरौनी। अयोध्या में श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर प्रशासन अलर्ट है। जगह-जगह बैरियर लगाकर संदिग्ध लोगों व वस्तुओं की चेकिंग की जा रही है। शनिवार को एसपी मोहम्मद मुश्ताक ने पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
एसपी ने इंद्रा चौराहे पर नगर पंचायत प्रतिनिधि दुष्यंत बडोनियां व रामलला प्राण प्रतिष्ठा समिति सहित संभ्रांत लोगों से वार्ता की और 22 जनवरी को निकाली जाने वाली शोभायात्रा के बारे में जानकारी की। एसपी ने अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने की अपील की। सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक पोस्ट न डालने की अपील की। नगर भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्कूली छात्राओं से बातचीत की और उनकी समस्या को सुनकर सुरक्षा का भरोसा दिलाया। इसके बाद एसपी ने कोतवाली महरौनी का निरीक्षण किया और प्राण प्रतिष्ठा के दिन पुलिस फोर्स की ड्यूटी लगाने और मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए। इस दौरान कोतवाली प्रभारी अशोक उपाध्याय, कस्बा प्रभारी आलोक सिंह, मुलायम सिंह, अरुण तिवारी सहित अन्य पुलिस कर्मचारी मौजूद रहे।