सदर कांटा के आसपास लगा अतिक्रमण
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। नगर पालिका परिषद द्वारा शहर की मुख्य सड़क को अतिक्रमण की समस्या से छुटकारा दिलाने की रणनीति तैयार कर ली गई है। इसके तहत अतिक्रमण को रोकने के लिए सड़क किनारे पीली पट्टी बनाई जाएगी। इसे क्रास करने वालों पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
शहर में अतिक्रमण की समस्या किसी से छिपी नहीं है। स्टेशन से लेकर कैलगुवां तिराहे तक जगह-जगह अतिक्रमण पसरा है। रेलवे स्टेशन से बाहर निकलने पर सड़क किनारे सब्जी की दुकानें सजी हैं। कमोवेश यही स्थिति समाजवादी पार्टी कार्यालय, एलआईयू आफिस के सामने, पानी की बड़ी टंकी के पास और आजाद चौक के पास की है। इसके अलावा सुपर मार्केट में पांच से छह फीट तक कई दुकानदार दुकान के सामने अपना सामान सजाए हैं। गेंदालाल पेट्रोल पंप के पास फल बाजार सड़क किनारे सजा हुआ है। घंटाघर से सावरकर चौक तक वनवे है, फिर भी यहां हाथ ठेला बीच सड़क पर खड़े होकर दुकानदारी करते हैं।
नगर पालिका इस तरह के अतिक्रमण हटाने के लिए समय-समय अभियान चलाती रहती है। कुछ दिनों के बाद सड़क किनारे अतिक्रमण यथावत हो जाता है। अब नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी डॉ. संजय कुमार मिश्र ने अतिक्रमण पर अंकुश लगाने के लिए सड़क किनारे पीली पट्टी बनाने का निर्णय लिया है। इससे अतिक्रमणकारी अपना अतिक्रमण सड़क पर नहीं पसार पाएंगे।
शहर को सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए सड़क किनारे पीली पट्टी बनवाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। इस पट्टी के बनने के उपरांत कोई अतिक्रमण नहीं कर पाएगा। यदि अतिक्रमण पाया जाता है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। - डा. संजय कुमार मिश्र, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद