संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। पत्थर से हमला कर वृद्ध बाप की जान लेने के आरोपी बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश किया गया।
कोतवाली अंतर्गत ग्राम रजवारा निवासी वृंदावन (62) पर पांच अप्रैल की देर रात उसके पुत्र नरेंद्र उर्फ नरेश ने शराब के नशे में पत्थर से हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल वृंदावन की झांसी में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। पुलिस ने आरोपी नरेंद्र के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया था।
एसपी मोहम्मद मुश्ताक ने वांछित की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया था। रविवार दोपहर में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नरेंद्र को ग्राम खोखरा जाने वाले रास्ते के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह शराब के नशे में घर के बाहर बैठा था, तभी उसका पिता आया और अंदर जाने के लिए कहने लगा। इस बात पर उसे गुस्सा आ गया और पास में पड़े बड़े पत्थर को उठाकर अपने पिता के सिर में मार दिया। घटना के बाद डर कर वह भाग गया था। इसके बाद उसे पता चला कि इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई है। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रमेश चंद्र मिश्रा, उपनिरीक्षक अजहर इशरत आदि शामिल रहे।