ललितपुर (ब्यूरो)। जिला मजिस्ट्रेट ने अधिकारियों के साथ बैठक कर आठ नवंबर को होने वाली चकबंदी लेखपाल भर्ती परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने परीक्षा को शांतिपूर्ण और त्रुटिरहित ढंग से कराने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान जिला मजिस्ट्रेट डा. रूपेश कुमार ने कहा कि 23 केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। परीक्षा को नकल विहीन बनाने के उद्देश्य से जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और सहायक पर्यवेक्षकों को नामित किया गया है।
उन्होंने परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश सेक्टर मजिस्ट्रेटों को दिए। नोडल अधिकारी अपर जिला मजिस्ट्रेट मिथलेश कुमार त्रिवेदी ने कहा कि पाली, तालबेहट व महरौनी के परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों को ले जाने के लिए बसों की व्यवस्था की जा रही है।
बसें सुबह बस अड्डे से परीक्षा केंद्रों को प्रस्थान करेंगी। कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है, जिसका नंबर 05176-272613 है। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर पेयजल की व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए।
अपर पुलिस अधीक्षक सुधा सिंह ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। बंदोबस्त अधिकारी बीके गुप्ता ने कहा कि रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन से महरौनी, तालबेहट और पाली में पहुंचने वाले परीक्षार्थियों के लिए हेल्प डेस्क की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
उप जिलाधिकारी मड़ावरा सुरेश कुमार पाल, तहसीलदार सदर अवधेश कुमार निगम, जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र पर्यवेक्षक, केंद्र व्यवस्थापक आदि उपस्थित रहे।