ललितपुर। थाना पाली के अंतर्गत ग्राम निवौआ में नाले की बजरी का खनन करने के दौरान मिट्टी का टीला धसकने से दो मजदूर उसमें दब गए। आसपास दूसरी जगह काम कर रहे मजदूरों ने एक मजदूर को बाहर निकाल लिया, लेकिन दूसरे मजदूर की मिट्टी में दबने से मौके पर ही मौत हो गई। थाना पाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना पाली के ग्राम एरावनी निवासी कल्यान (42) पुत्र हल्लू सहरिया मंगलवार की दोपहर में करीब साढ़े तीन से चार बजे के मध्य ग्राम निवौआ व बरौदा के मध्य में निकली घुंसी नदी में अपने आठ अन्य साथियों के साथ मजदूरी पर बजरी निकालने के लिए गए थे। वह पांच साथियों के साथ एक जगह और बाकी चार लोग वहां से कुछ दूर दूसरी जगह बजरी खोद रहे थे। कल्यान जहां काम कर रहा था, वहां अचानक ऊंचाई से मिट्टी का बड़ा टीला भरभराकर उसके और उसके साथ काम कर रहे अशोक के ऊपर गिर पड़ा। जिससे कल्यान मिट्टी में पूरी तरह से दब गया। यह देख वहां अशोक के साथ ही अन्य मजदूरों के चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर दूसरी जगह काम करने वाले मजदूर व आसपास के खेतों में काम करने वाले लोग दौड़कर मौके पर पहुंच गए और अशोक को किसी प्रकार मिट्टी हटाकर बाहर सुरक्षित निकाल लिया, अशोक के पैर व हाथों में चोटें आई है।
उधर, मिट्टी में देर तक दबे रहने से कल्यान की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी मिलने पर थाना पाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और देर शाम तक करीब करीब सात बजे चार फीट ऊंचा मिट्टी का ढेर का हटाकर कल्यान के शव को बाहर निकाला गया। मृतक के साथी मजदूर ग्राम ऐरावनी निवासी भगत ने बताया कि मृतक कल्यान के एक बेटा व दो बेटियां हैं और वह चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसके पास खेती बाड़ी की कोई जमीन नहीं है। उसने बताया कि कल्यान मूलत: मध्य प्रदेश के सागर जिला के थाना मालथौन अंतर्गत ग्राम सांगेर का रहने वाला है, लेकिन करीब सोलह साल पहले उसकी मां ग्राम ऐरावनी में आ गई थी, तब से वह यहीं घर बनाकर बस गया था।
-------
ठेकेदार करा रहा था काम, तीन मजदूर बाल-बाल बचे
ग्राम निवौआ व ग्राम बरौदा के माध्य निकली घुंसी नदी में बालू का अवैध खनन पास के ही एक गांव का ठेकेदार करा रहा था। मंगलवार को जब मजदूर नदी में उतरकर नीचे काम कर रहे थे, तो नदी का ऊपरी भाग का टीला धसककर मजदूरों के ऊपर गिरने लगा। यह देख तीन मजदूूर तो चौकन्ने होकर मौके से हट गए, जबकि कल्यान व अशोक जब तक संभल पाते मिट्टी का टीला दोनों के ऊपर गिर पड़ा। जिससे कल्यान की मौके पर मौत हो गई।
--------
घुंसी नदी में गहराई में काम करते समय मिट्टी का टीला गिरने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। यह मिट्टी खुदाई का काम ग्राम बरौदा बिजलौन निवासी एक व्यक्ति के द्वारा निजी कार्य के लिए कराया जा रहा था। एक और भी मजदूर मिट्टी में दबा था, लेेकिन ग्रामीणों ने उसे जल्दी ही बाहर निकाल लिया।
कृष्णवीर सिंह, थानाध्यक्ष, पाली।