ललितपुर। थाना कोतवाली अंतर्गत राजघाट चौकी अंतर्गत राजघाट बांध से निकली बेतवा नदी का पुल पार करते समय दो युवक बाइक समेत नदी में गिर गए। इनमें एक युवक नदी में कुछ दूर आगे किनारे पर लग गया, जिससे ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और उसे जिला चिकित्सालय में पहुंचा। जबकि दूसरा युवक तेज बहाव में बह गया। फिलहाल पुलिस दूसरे युवक की बांध के गेट बंद कराकर तलाश कर रही है।
थाना जाखलौन अंतर्गत ग्राम नकवाना, हाल शहर के मोहल्ला नेहरूनगर निवासी दीपक उर्फ पप्पू (35) पुत्र कोमल अपने साले ग्राम चुरारी निवासी महेश के साथ बुधवार को शाम करीब पांच बजे मोटरसाइकिल से रिश्तेदारी में मध्य प्रदेश चंदेरी की ओर जा रहे थे। अभी वह राजघाट में बेतवा नदी पर ही पहुंचे थे कि राजघाट बांध के गेटों से छोड़े जा रहे पानी को देखते हुए मोटरसाइकिल से आगे बड़े कि इसी दौरान उनकी बाइक नदी के किनारे होने के कारण उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वह दोनों बाइक समेत बेतवा नदी के तेज बहाव में गिर गए। यह देख आसपास के ग्रामीण नदी के किनारे-किनारे उन्हें बचाने के लिए दौड़े, जिस पर दीपक उर्फ पप्पू नदी में करीब एक किलोमीटर आगे किसी प्रकार किनारे लग गया, जिस पर ग्रामीणों ने उसे बेहोशी हालत में पकड़ लिया। जानकारी मिलने पर राजघाट चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और बेहोशी हालत में घायल युवक को जिला अस्पताल में उपचार को पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रिफर कर दिया। वहीं जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार शुक्ला एवं अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और राजघाट बांध के गेट बंद कराकर नदी में बहने वाले दूसरे युवक की तलाश शुरु कर दी है। फिलहाल अभी तक दूसरे युवक का पता नहीं चल सका है।
दोनों युवक राजघाट बांध से निकली वेतवा नदी में बह गए थे। जिनमें एक युवक मिल गया, जिसे जिला अस्पताल से झांसी रिफर किया गया है। दूसरे युवक की तलाश में बांध के गेट बंद कराकर रेस्क्यू चलाया जा रहा है।
संजय कुमार शुक्ला, थाना प्रभारी निरीक्षक।