ललितपुर। प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को स्वास्थ्य विभाग द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के माध्यम से 30 रुपये में आयुष्मान कार्ड जारी किया जा रहा है। इसके लिए विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर भी लगाए जा रहे हैं। कुछ लाभार्थियों को कार्ड के पैसे की जानकारी के अभाव में पैसों को लेकर वाद-विवाद की स्थिति बन रही है।
पैसे की कमी के अभाव में बीमारियों से जूझ रहे लोगों को उपचार की सुविधा देने के लिए केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना संचालित की है। इसके अंतर्गत लाभार्थी एक वर्ष में पांच लाख रुपये तक का निशुल्क इलाज करा सकता है। इसमें 1350 से अधिक बीमारियों के इलाज की सुुविधा है। जिले में प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों की संख्या 62 हजार से अधिक है। इसके अलावा मुख्यमंत्री जनआरोग्य योजना के लाभार्थियों की संख्या 26972 है। इस प्रकार योजना के पात्र लाभार्थियों की संख्या 89,453 है। इसमें अब तक 50,413 लोगों को योजना के कार्ड जारी होकर वितरित हो गए है। शेेष लाभार्थियों के कार्ड ग्रामीण क्षेेत्रों के शिविर लगाकर वितरण कराए जा रहे हैं। इसमें प्रत्येक लाभार्थी से कार्ड के एवज में 30 रुपये शुल्क शासन द्वारा निर्धारित किया गया है।
कई स्थानों पर शुल्क लेने को लेकर वाद-विवाद की स्थिति बन रही है। शुल्क को लेकर तहसील तालबेहट अंतर्गत ग्राम पूरा विरधा निवासी लखनसिंह की कार्ड जारी करने वालों से बहस हो गई। उन्होंने बताया कि प्रति कार्ड के एवज में 30 रुपये का शुल्क नहीं लगता है। इससे वाद- विवाद की स्थिति बन गई। हालांकि बाद में जानकारी होने पर कार्ड जारी करने के एवज में तय शुल्क तीस रुपये का भुगतान कर दिया गया।
आयुष्मान भारत योजना का कार्ड के लिए लाभार्थी को तीस रुपये का भुगतान करना अनिवार्य है। बिना पैसों के कार्ड जारी नहीं किया जा सकता।
- डॉ. प्रताप सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी