ललितपुर। राजकीय महाविद्यालय के पास स्थित मान्यवर कांशीराम आवासीय कॉलोनी में सेप्टिक टैंक से गंदगी फैल रही है। लोग अपने घर के शौचालय का प्रयोग तक नहीं कर पा रहे हैं।
नगरीय क्षेत्र के निर्धन परिवारों को मान्यवर कांशीराम आवासीय कॉलोनी में आवास मुहैया कराए गए हैं। राजकीय महाविद्यालय के पास दो, सुरईघाट, खिरकापुरा, नारायणपुरा, आईटीआई के पीछे व गोविंद नगर में एक- एक कॉलोनी का निर्माण किया गया है। इनमें से अधिकतर कॉलोनियों में साफ-सफाई की समस्या है। राजकीय महाविद्यालय के पास स्थित कॉलोनी में ब्लॉक चौदह के पीछे बना शौचालय टैंक चोक हो गया है। इसी प्रकार ब्लॉक पंद्रह का टैंक भी चोक हो गया है। पिछले दिनों ब्लॉक पंद्रह के टैंक की सफाई कराई गई थी, लेकिन वह एक बार फिर से भर गया है। यही नहीं, टैंक का ऊपरी हिस्सा क्षतिग्रस्त है, जिससे कभी भी हादसा हो सकता है। लेकिन, इसके बाद भी टैंक की मरम्मत नहीं कराई जा रही है। इससे कॉलोनीवासियों की समस्या बढ़ गई है।
वर्तमान में कोराना महामारी का संक्रमण तेजी फैल रहा है। इसे ध्यान में रखकर साफ-सफाई पर जोर दिया जा रहा है। लेकिन, कॉलोनी में इस तरह तैयारी नजर नहीं आ रही है। इस बात को लेकर कॉलोनीवासी चिंतित नजर आ रहे हैं। इस संबंध में उन्होंने जिलाधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को शिकायती पत्र दिया है। शिकायती पत्र पर उमर, सरोज, रूबीना, कविता, शगुफ्ता, अनवर खां, नासिर खान, नाजमीन बानो, नेहा बानो, सुनीता, रेशमा, शैलेंद्र, ऊषा, इंदू आदि के हस्ताक्षर बने हैं।
मंदिर के पीछे चंद कदम की दूरी पर टैंक बने हुए हैं, जो पूरी तरह भर चुके हैं। इसके अलावा पाइप भी क्षतिग्रस्त पड़े हैं। कुछ लोगों ने स्वयं के खर्चे पर मरम्मत कराई थी। - मो शरीफ
तीन साल से टैंक भरने की परेशानी बनी हुई है। इससे घर का शौचालय भी इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं। पांच-छह महीने में खुद ही टैंक की सफाई करवाते हैं। - भारती सोनी
ब्लाक चौदह व पंद्रह में शौचालय टैंक की परेशानी है। पिछले दिनों ब्लाक पंद्रह के लोगों ने शिकायत की थी तो कुछ लोग टैंक की सफाई करने आ गए थे। - अरविंद सिंह
ब्लाक पंद्रह के टैंक की सफाई कराई गई थी, लेकिन वह दो दिन भी नहीं चला। एक बार फिर से टैंक भरने की समस्या उत्पन्न हो गई है। कई बार शिकायत की। - लक्ष्मी
मान्यवर कांशीराम आवासीय कॉलोनी में टैंक भरने का मामला संज्ञान में आया है। इसकी वास्तविक जानकारी के लिए मौके पर सफाई निरीक्षक को भेजा जाएगा। - एसपी सिंह, अपर उप जिलाधिकारी/ अधिशासी अधिकारी नगर पालिका