संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जैनधर्म के प्रवर्तक आदिनाथ का जन्म कल्याणक महोत्सव जैन मंदिरों में प्रभु अभिषेक शांतिधारा पूजन विधान के साथ मनाया गया। मंदिरों में पालना झूला झुलाकर धर्मालुओं ने पुण्यार्जन किया। सायंकाल आदिनाथ भगवान के सम्मुख 48 दीपों से आरती हुई।
पार्श्वनाथ जैन अटामंदिर में क्षुल्लक विश्वप्रभु सागर महाराज के सानिध्य में प्रभु अभिषेक शांतिधारा हुई। आदिनाथ विधान पं. संतोष जैन के मार्गदर्शन में प्रबंधक अजय जैन गंगचारी, मनोज जैन के संयोजन में हुआ। जबकि, जैन बड़ा मंदिर में आदिनाथ विधान की संयोजना प्रबंधक आनंद जैन ने की। आदिनाथ मंदिर नईबस्ती में आदिनाथ विधान पं. आलोक शास्त्री एवं प्रबंधक जितेंद्र जैन, सुवेंदु मोदी के संयोजन में हुआ। अभिनंदनोदय तीर्थ, आदिनाथ मंदिर सिविल लाइन, जैन मंदिर बाहुवलिनगर, चंद्रप्रभु जिनालय डोढाघाट, एंब्रोसिया जैन मंदिर, पार्श्वनाथ मंदिर कॉलोनी, शांतिनगर जैन मंदिर में आदिनाथ जयंती धूमधाम के साथ मनाई गई।
शाम को सावरकर चौक, लोहा पीतल बाजार में दिगंबर जैन पंचायत समिति के तत्वावधान में आदिनाथ भगवान को कैलाश पर्वत पर झांकी लगाई गई। जन्मोत्सव पर पालना झूला श्रावक श्राविकाओं ने भक्तिपूर्वक झुलाया। जन्मोत्सव पर बधाई गाते हुए महिलाओं ने खुशी मनाई। जैन पंचायत के अध्यक्ष डॉ. अक्षय टड़ैया ने प्रथम तीर्थेश आदिनाथ द्वारा दिए गए असि मसि कृषि के सिद्धांत को जनजन के लिए सार्थक बताया।
पाठशाला परिवार के बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुति सराहनीय रही। इस दौरान संयोजक सनत जैन खजुरिया, अखलेश, धन्यकुमार जैन, सतीश नजा, मीडिया प्रभारी अक्षय अलया, शिक्षक पुष्पेंद्र जैन, प्रबंधक प्रमोद जैन, डीके जैन, पवन जैन आदि मौजूद रहे।