ललितपुर। जिलाधिकारी योगेश कुमार शुक्ल ने निर्देश दिए कि होम आइसोलेशन के मरीजों को ‘आरोग्य सेतु’ एवं ‘आयुष कवच’ एप डाउनलोड करना अनिवार्य होगा। चिकित्सक होम आइसोलेशन के मरीजों से फोन के माध्यम से लगातार संपर्क में रहेंगे। होम आइसोलेशन का मरीज चार दिनों तक किसी के भी संपर्क में न आए।
कलेक्ट्रेट स्थिति सभागार में कोविड-19 की समीक्षा के लिए कोर कमेटी की बैठक में उन्होंने सर्वेलांस अभियान के तहत डोर-टू-डोर सर्वे की समीक्षा की। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि 980 टीमें लगातार डोर-टू-डोर सर्वे कर रही हैं। प्रत्येक टीम प्रतिदिन 25-25 घरों का सर्वे कर रही है। अब तक आशा एवं एएनएम की टीमों द्वारा एक लाख 41 हजार 33 घरों का सर्वे पूरा कर लिया गया है। जिले में कुल 134 एक्टिव केस हैं तथा कुल 85 मरीजों को स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज किया गया है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि केस बढ़ने से घबराने की आवश्यकता नहीं है, उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि ग्राम प्रधानों एवं सचिवों को लगातार भेजें तथा संदिग्ध मरीज की सूचना मिलने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं कंट्रोल रूम को सूचित करें। संदिग्ध मरीज एवं पॉजिटिव मरीज पाए जाने पर मकान को चिह्नित करें। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता को गंभीरता से लेते हुए सफाई कराए व चूने का छिड़काव कराते रहें। शनिवार और रविवार को दवा और दूध की दुकानों के अतिरिक्त सभी प्रकार की दुकान बंद रहें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी न्यायिक लवकुश त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रताप सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी इंद्रमणि त्रिपाठी, अपर उप जिलाधिकारी एसपी सिंह, चिकित्सा अधीक्षक पुरुष डॉ. एसके वासबानी, डॉ. अमित चतुर्वेदी, डॉ. जेएस बख्शी, जिला सूचना अधिकारी पीयूष चंद्र राय आदि उपस्थित रहे।