ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत शहर के मुख्य बस स्टैंड पर खड़ी एक स्लीपर बस में अचानक से आग लग गई। जिससे बस पूरी तरह से जलकर खाक हो गई। वहीं पास में खड़ी दूसरी बस की छत ने भी आग पकड़ ली। लोगों ने किसी प्रकार दूसरी बस में लगी आग पर काबू पाया और उसे जलने से बचा लिया।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला तालाबपुरा निवासी अविनाश पुत्र शीलचंद की मामा भांजा ट्रैवल्स की खाली बस संख्या यूपी 94टी-0234 (शिखा मंगलम बस) कई दिनों से बस स्टैंड पर खड़ी हुई थी। बुधवार सुबह करीब पौने दस बजे बस में अचानक आग लग गई। जब तक लोग समझ पाते, तब तक बस से आग की लपटें उठने लगीं, जिस पर आस पास के लोगों ने किसी प्रकार आग बुझाने का प्रयास करते हुुए फायर ब्रिगेड को फोन लगाया। फायर ब्रिग्रेड की गाड़ी पहुंची, तब तक आग काफी तेज भड़क उठी। आग इतनी ज्यादा फैल गई थी कि पास में ही खड़ी दूसरी बस यूपी 94टी 6538 की छत ने भी आग पकड़ी ली। कुछ देर में फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई और बसों में लगी आग को बुझाना शुरू कर दिया। आनन फानन आसपास के लोगों और फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने दूसरी बस में छत में लगी आग को बुझाकर तत्काल वहां से अलग किया। जबकि शिखा मंगलम बस में भड़की आग पर किसी प्रकार फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद काबू पाया। जानकारी लगने पर उपजिलाधिकारी सदर डॉ. संतोष कुमार उपाध्याय एवं कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया।
मामले में बस स्वामी अविनाश पुत्र शीलचंद जैन ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को आरोप लगाकर बताया कि बस में बैटरी नहीं लगी थी। ऐसे में शॉर्ट सर्किट होने की कोई संभावना नहीं थी। किसी शरारती तत्व द्वारा रंजिशन बस में आग लगाई गई है। उसकी बस पूरी जलकर खाक हो गई है, जिससे उसे काफी नुकसान हुआ है।