ललितपुर के थाना मड़ावरा अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में सोमवार को मौसम का विकराल रूप देखने को मिला। झमाझम बारिश के साथ अलग-अलग स्थानों पर गाज गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक झुलस कर घायल हो गया। वहीं ग्राम सौंरई में बिजली गिरने से बकरियों की मौत हो गई। जबकि गिरार थाने में बिजली गिरने से उपकरण जल गए।
मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार दोपहर में बारिश के साथ कई जगह गाज गिरी। जिसमें थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सुकलगुवां में खेतों में भैंसें चरा रहे भूपेंद्र (19) पुत्र भारन यादव की मौत हो गई। अस्पताल में मौजूद मृतक के परिजनों ने बताया कि भूपेंद्र रोज की तरह भैंसें चराने खेतों की तरफ गया था। सोमवार शाम जब भैंसें घर वापस पहुंच गईं और वह नहीं आया तो उसकी खोजबीन की गई तो कारीटोरन नहर के पास के मारिया हार में एक पेड़ के नीचे झुलसी हुई अवस्था भूपेंद्र का शव पड़ा मिला। मृतक भूपेंद्र परिवार में दो भाइयों में बड़ा था।
वहीं थाना मड़ावरा के ग्राम सिरोंन में बारिश के दौरान घर के दरवाजे पर बैठा बलराम कुशवाहा (25) पुत्र हल्कू बिजली गिरने से झुलस गया। परिजनों द्वारा उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ावरा लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
थाना मड़ावरा क्षेत्र के ग्राम सौंरई निवासी राजकुमारी रैकवार दोपहर के समय अपनी बकरियों को गांव के ही समीप रोहणी नदी के किनारे खेतों में चरा रहा थी। इसी बीच बारिश के साथ बादलों की गड़गड़ाहट के बीच पास में खड़े एक शीशम के पेड़ पर गाज गिर गई। जिससे दो बकरियों की मौत हो गई, जबकि बकरियां चरा रही महिला झुलस गई। बिजली गिरने से हताहत एवं पीड़ित ग्रामीणों द्वारा प्रशासन से आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।
थाने के वायरलैस तार पर गिरी बिजली, कंप्यूटर उपकरण जले
बिजली गिरने से थाना गिरार में तैनात पुलिस उपनिरीक्षक एवं कांस्टेबल बाल-बाल बच गए, जबकि थाना कार्यालय के कंप्यूटर समेत तमाम विद्युत उपकरण जलकर खराब हो गए। सोमवार की दोपहर में गिरार थाना परिसर में गिरी आकाशीय बिजली से बड़ा हादसा टल गया। थाने में उप निरीक्षक अभयपाल सिंह व हेड कांस्टेबल सुशील कुमार अपना विभागीय कार्य निपटा रहे थे। इसी बीच अचानक से तेज गड़गड़ाहट के साथ उनके नजदीक चमकती हुई बिजली वायरलेस तार पर गिरी, जिससे वह लोग बाल- बाल बच गए। बिजली से थाना कार्यालय के कंप्यूटर, इन्वर्टर व बोर्ड आदि जल गए।