- चचरे भाई ने मौत का कारण अज्ञात बताया
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। खेत पर फसल देखने गए कोतवाली क्षेत्र के दैलवारा गांव निवासी 28 वर्षीय राकेश कुशवाहा की बृहस्पतिवार को संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। परिजनों ने मौत का कारण अज्ञात बताया है।
मृतक के चचेरे भाई सज्जन कुशवाहा ने बताया बृहस्पतिवार को राकेश अपने खेत पर फसल देखने गया था। इसी दौरान आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों ने राकेश को खेत में अचेत अवस्था में पड़ा देखा। लोगों ने इसकी सूचना परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे और आनन फानन राकेश को मेडिकल कॉलेज लेकर आए। यहां चिकित्सकों ने उसके शरीर का परीक्षण करने के बाद मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने मौत का कारण अज्ञात बताया है। मृतक दो भाइयों और तीन बहनों में दूसरे नंबर का था। वह मजदूरी करता था और उसके एक पुत्री है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण पता चलेगा।