संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। छोटे भाई के साथ अपने घर महराजगंज लौट रहा युवक जाखलौन-धौर्रा के मध्य ट्रेन से गिर गया और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जनपद महराजगंज के थाना निचलवल अंतर्गत ग्राम पीपरपांती निवासी 30 वर्षीय सूरज पुत्र नरेश अपने छोटे भाई अंगद के साथ पुणे से मजदूरी कर घर लौट रहा था। दोनों भाई झेलम एक्सप्रेस के जनरल बोगी में सवार थे। अंगद ने बताया कि मंगलवार की रात जब ट्रेन ललितपुर क्षेत्र में जाखलौन व धौर्रा स्टेशन के मध्य पहुंची, तभी गेट के पास खड़े सूरज का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन से नीचे गिर गया। मौके पर उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर जाखलौन पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। मृतक के भाई अंगद ने बताया कि सूरज दो भाई व तीन बहन में सबसे बड़ा था और उसकी तीन पुत्री व एक पुत्र है। वह मजदूरी करता था।
इस संबंध में थानाध्यक्ष जाखलौन अर्जुन सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।