ललितपुर। कस्बा मड़ावरा में बुधवार सुबह पंखे में आ रहे करंट की चपेट में आने से युवती की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता झुलस गए। इस घटना से परिवार में कोहराम मचा है।
महरौनी रोड निवासी पर्वत सिंह का स्वास्थ्य खराब था। बुधवार सुबह वह पलंग से उठे और मटके से पानी भरने लगे, तभी उन्हें चक्कर आ गया और वह स्टैंड फैन से टकरा गए। पंखा मटके पर गिर गया और पानी फैलने से उसमें करंट आने लगा। पर्वत सिंह करंट लगने से चिल्लाने लगा। उनकी पत्नी मीरा और बेटी नंदिनी दौड़कर पहुंचीं और पंखा उठाने का प्रयास करने लगीं। इस दौरान दोनों करंट की चपेट में आ गईं। आवाज सुनकर पड़ोसियों ने तत्काल बिजली बंद की और तीनों को मड़ावरा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने नंदिनी को मृत घोषित कर दिया, जबकि पर्वत सिंह और मीरा की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मड़ावरा पुलिस ने नंदिनी की मौत की पुष्टि की है।