ललितपुर। थाना महरौनी अंतर्गत एक गांव निवासी महिला ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर जान दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम खितवांस निवासी कौशल्या (21) पत्नी ब्रजेंद्र कुमार सोमवार को अपने घर पर अकेली थी। परिजन फसल की कटाई के लिए खेतों पर गए थे। इसी दौरान उसने कमरे में साड़ी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शाम को साढ़े चार बजे ससुर जानवरों के बाड़े से आया और बहू कौशल्या को जानवरों से पानी पिलाने के लिए आवाज लगाई, जब बहू की आवाज नहीं मिलने पर कमरा का दरवाजा खटखटाए। दरवाजा नहीं खुलने पर खिड़की से झांक कर देखा तो फांसी पर लटकी नजर आई। इसकी सूचना परिजनों को दी। परिजनों ने आकर मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के देवर भजन ने बताया कि आत्महत्या का कारण अज्ञात है। मृतका का विवाह एक वर्ष पूर्व हुआ था। इसका मायका थाना नाराहट अंतर्गत ग्राम बनयाना में है।