फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lalitpur News: महिला ने बच्चों संग कुएं में कूदकर दी जान

विज्ञापन
मृतका पूजा कुशवाहा की फाइल फोटो।
विज्ञापन
ललितपुर। बानपुर थाना क्षेत्र के टीकरा तिवारी गांव में महिला और उसके दो बच्चों की मौत के मामले में पुलिस ने एक युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मृतका के पति का आरोप है कि गांव का ही एक युवक उसकी पत्नी को परेशान कर रहा था इससे आहत होकर उसकी पत्नी ने दो बच्चों के साथ कुएं में कूदकर जान दे दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
विज्ञापन

गांव निवासी पूजा कुशवाहा (32) और उसके सात वर्षीय बेटे लक्ष्य व पांच वर्षीय बेटी पूर्वी के शव मंगलवार सुबह गांव के पास कुएं से बरामद हुए थे। पुलिस के अनुसार, तीनों की मौत पानी में डूबने से हुई है। मृतका के पति बालकिशन ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि गांव का ही आदित्य उर्फ आनंद उसकी पत्नी से मोबाइल पर बातचीत करता था। युवक ने बातचीत की रिकॉर्डिंग कर ली थी और वीडियो भी बना लिया था। इसके बाद वह पूजा को परेशान करने लगा था। बालकिशन के मुताबिक, पूजा ने कई बार युवक को ऐसा करने से मना किया, लेकिन वह नहीं माना। इससे परेशान होकर पूजा सोमवार देर रात दोनों बच्चों को लेकर घर के पास बने कुएं में कूद गई।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने बताया कि मृतका के पति की तहरीर पर एक युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
विज्ञापन


रात में घर से गायब मिले मां और बच्चे
पूजा सोमवार रात अपने पति और दो बच्चों के साथ कमरे में सो रही थी, जबकि उसका बड़ा बेटा दादा के पास सोया था। रात करीब दो बजे बालकिशन की आंख खुली तो पूजा और दोनों बच्चे कमरे में नहीं मिले। उसने घर और आसपास तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों को जगाकर जानकारी दी गई। परिवार के लोग उनकी तलाश में जुट गए। मकान के पीछे खेतों की ओर बने कुएं के पास पूजा और बच्चों की चप्पलें मिलीं। परिजनों ने टॉर्च की रोशनी में कुएं के अंदर देखा तो पानी में हलचल दिखाई दी और एक कपड़ा तैरता नजर आया। इसके बाद डायल 112 और बानपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई। सुबह करीब चार बजे पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग की टीम को बुलाया। कुएं में लोहे का कांटा डालकर तलाश की गई। इस दौरान पूजा और लक्ष्य के कपड़े कांटे में फंस गए। दोनों के शव बाहर निकाले गए। बाद में कुएं का पानी खाली कराने पर पांच वर्षीय पूर्वी का शव भी बरामद हुआ। पूजा की शादी करीब 12 वर्ष पहले हुई थी। सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग भी गांव पहुंच गए थे।
-
गमगीन माहौल में हुआ अंतिम संस्कार
मंगलवार शाम पोस्टमार्टम के बाद पूजा और उसके दोनों बच्चों के शव गांव पहुंचे तो परिवार की महिलाएं विलाप करने लगीं। पुलिस की निगरानी में गमगीन माहौल के बीच तीनों का अंतिम संस्कार किया गया। बुधवार को गांव में सन्नाटा पसरा रहा। पुलिस के वाहन गांव में आते-जाते रहे।
विज्ञापन

-
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें