ललितपुर। थाना पूराकलां अंतर्गत ग्राम कंधारीकलां में एक ग्रामीण की खेत पर काम करने के दौरान सांप के डसने से मौत हो गई। परिजन उसे झाड़फूंक कराने के लिए कई जगहों पर इधर उधर ले गए, लेकिन समय पर अस्पताल नहीं ले गए। इससे समय से इलाज न मिलने के कारण उसकी जान चली गई। जानकारी पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम कंधारीकलां निवासी बल्दू (50 वर्ष) पुत्र पर्वत रैकवार बृहस्पतिवार की शाम करीब पांच बजे अपने खेत पर काम कर रहा था। इसी दौरान सांप ने उसे डस लिया। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। यह देख परिजन उसे झाड़फूंक के लिए आसपास के गांव में ले गए, इसके बाद जिसने जहां बताया, वह वहां ले गए। लेकिन उसे अस्पताल नहीं ले गए। जिसके कारण समय पर इलाज नहीं मिल सका। इसके बाद वह रात्रि में वापस गांव लौट रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई।
जानकारी मिलने पर पूराकलां पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के साले ओमप्रकाश ने बताया कि उसके जीजा बल्दू पूराकलां के रहने वाले हैं, लेकिन उन्होंने काफी समय पहले कंधारीकलां में ही जमीन ले ली थी। तब से वह यहीं रहते थे। मृतक के एक पुत्र व चार पुत्रियां हैं।