फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ललितपुर: खेत में मिला आठ दिन से लापता ग्रामीण का कंकाल, कपड़े व चप्पलों से हुई पहचान

Tue, 02 Jun 2020 03:26 PM IST
झांसी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, ललितपुर
विज्ञापन
मौके पर पहुंचकर जांच करती पुलिस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

ललितपुर के थाना सोजना क्षेत्र के ग्राम टीकरा-नैकोरा के बीच खेतों में ग्राम खिरिया भारनजू के एक ग्रामीण का कंकाल कई टुकड़ों में अलग-अलग स्थान पर पड़ा मिला। पुलिस ने ग्रामीण के कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान कंकाल से कुछ दूर पड़े कपड़े व चप्पलों से की गई।

विज्ञापन


ग्राम खिरिया भारनजू निवासी रामू उर्फ रामप्रसाद अहिरवार (45) आठ दिन पहले घर से मोटरसाइकिल से निकल गया था। वह अक्सर दो-तीन दिन के लिए बाहर जाता था, इसलिए परिजनों ने कोई चिंता नहीं की। जब वह तीन-चार दिन तक नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई और पास के गांवों में रिश्तेदारों से बातचीत की।

परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कहीं पता नहीं चल सका। रिश्तेदारी में पता नहीं लगने पर उसका बड़ा बेट प्रकाश 28 मई को पिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखाने के लिए थाना सोजना पहुंचा, जहां उसके पिता की मोटरसाइकिल रखी हुई देखी। 
विज्ञापन


इस पर उसने मोटरसाइकिल के संबंध में थाने में पता किया तो बताया गया कि ग्राम सुकलगुवां के प्रधान की सूचना पर मोटरसाइकिल लावारिस हालत में 15 किलोमीटर दूर ग्राम टीकरा-नैकोरा के बीच खेतों में पड़ी मिली थी।

इस पर उसने पिता की गुमशुदगी के बारे में बताया तो पुलिस ने तहरीर मांगी और मोटरसाइकिल के कागजात मांगे, जिस पर वह अगले दिन कागजात लेकर आने की बात कहकर लौट गया। इसके बाद एक मई की सुबह वह ग्राम प्रधान व ग्रामीणों के साथ लावारिस मिली मोटरसाइकिल के स्थान पर पहुंचा।
 

विज्ञापन

वहां खोजबीन की गई तो बांसों के जंगल से पहले खेतों में मुख्य रोड से करीब पचास मीटर की दूरी पर एक गड्ढे के पास हाथ-पैरों की हड्डियां, गड्ढे में लोअर-पजामा, कुछ दूरी पर चप्पलें व गड्ढे के आगे करीब बीस-पच्चीस मीटर की दूरी पर सिर का कंकाल पड़ा मिला। परिजनों ने खेतों में पड़ी मिली चप्पलों व लोअर से मृतक की पहचान की।

हालांकि, मृतक के शरीर का पूरा हिस्सा नहीं मिल सका। जानकारी मिलने पर थाना सोजना पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और मौका मुआयना किया। पुलिस ने कंकाल के टुकड़ों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सोजना थानाध्यक्ष राजकुमार वर्मा ने बताया कि मृतक की मोटरसाइकिल 28 मई को लावारिस हालत में बरामद की थी, लेकिन सोमवार की सुबह परिजनों ने लापता के शव के कंकाल पड़े होने की जानकारी दी। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही मृतक की मौत के कारणों की जानकारी लग सकेगी।

कंकाल के टुकड़ों में मिलने से उठ रहे सवाल
ग्राम टीकरा-नैकोरा के मध्य खेतों में नरकंकाल के कई टुकड़ों में पड़े होने पर सवाल उठ रहे हैं कि यह हत्या है या फिर किसी हिंसक जानवर द्वारा किया गया हमला। कंकाल के टुकड़े अलग-अलग स्थान पर छोड़ दिए। 

दूसरी ओर जहां से पुलिस ने मृतक की मोटरसाइकिल बरामद की, उस स्थान के पास मृतक के कंकाल कई टुकड़ों में अलग-अलग कुछ दूरी पर पड़े मिले, जबकि पुलिस को वहां सिर्फ मोटरसाइकिल ही मिल सकी। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें