ललितपुर। बुकिंग कर सवारियों को ले जा रही स्लीपर बस को बांसी के पास ट्रक ने टक्कर मार दी। बस अनियंत्रित होकर हाईवे से उतर गई। युवती सहित दो लोग चोटिल हो गए। बस में सवार लोग इंदौर मजदूरी करने जा रहे थे।
कस्बा बांसी से बुधवार रात को 20-25 सवारियों को लेकर स्लीपर बस ललितपुर की ओर जा रही थी। बांसी में ही हाईवे किनारे स्थित पेट्रोल पंप के पास कट से होकर ललितपुर की ओर जाने वाली लेन पर बस को झांसी की ओर से तेज रफ्तार आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। बस में सवार लोगों में चीख पुकार मच गई। हाईवे से नीचे झाड़ियों के बीच फंसी बस में से सवारियों को आसपास के लोगों ने बाहर निकाला। ग्राम लागौन निवासी 18 वर्षीय आरती और ग्राम हंसारी निवासी 36 साल के कमलेश घायल हो गए। छह लोग मामूली चोटिल हुए। एसडीएम सदर मनीष कुमार, सीओ सदर अजय कुमार, एसडीएम तालबेहट, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक तालबेहट सहित बांसी पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। आरती और कमलेश को अस्पताल पहुंचाया। वहीं, बस को दो क्रेन के जरिये बाहर निकालकर यातायात सुचारु कराया।
बस दुर्घटना में युवती सहित दो लोग चोटिल हुए हैं। अन्य सवारियां सुरक्षित हैं। सभी लोग इंदौर जा रहे थे।
मनीष कुमार, एसडीएम सदर