- कॉलेज से प्रवेश पत्र लेने की बात कहकर गई थी बाजार
- बाइक चालक भी घायल, छात्रा के परिजन ने कहा नहीं जानते घायल युवक को
- झांसी-सागर नेशनल हाईवे-44 पर मसौरा के पास गोशाला के समीप हुई दुर्घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। अपनी शादी का सामान खरीदने भाभी व परिजन संग आई बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा की हाईवे पर मसौरा गोशाला के समीप हुई बाइक दुर्घटना में मौत हो गई। छात्रा परिजन से कॉलेज में प्रवेश पत्र लेने जाने की बात कहकर बाजार से गई थी। दुर्घटना में घायल हुए बाइक चालक युवक को लेकर छात्रा के परिजन ने कहा कि वह उसे नहीं जानते हैं।
थाना बानपुर अंतर्गत ग्राम गुगरवारा निवासी विनीता (19) बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी और उसकी शादी 7 मई को थी। कार्ड छप गए थे। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। शुक्रवार को विनीता अपनी भाभी व परिजन के साथ सामान लेने के लिए बाजार ललितपुर आई थी। यहां से वह अपनी भाभी से कॉलेज में प्रवेश पत्र लेने और कुछ देर में लौटकर आने की बात कहकर चली गई थी। इसके कुछ देर बाद परिजन को जानकारी मिली कि विनीता ग्राम मसौरा के पास गोशाला के समीप दुर्घटना में घायल हो गई है। जिसे जिला अस्पताल में मृत घोषित किया गया गया है। परिजन जिला अस्पताल पहुंचे तो यहां पता चला कि विनीता एक बाइक पर सवार थी। जिसे किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी थी और उसमें वह व बाइक चालक युवक घायल हुआ है। जिसे मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने छात्रा के शव काे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजन ने घायल हुए बाइक चालक के बारे में कोई जानकारी होने से इन्कार किया है। बताया कि उन्हें तो सिर्फ इतना पता है कि विनीता कॉलेज प्रवेश पत्र लेने जाने की बात कहकर गई थी। परिजन ने यह भी कहा कि विनीता शादी से काफी खुश थी और उसकी ही मर्जी से शादी हो रही थी। लेकिन वह युवक के साथ बाइक पर कहां जा रही थी, इस बारे में उन्हें कोई पता नहीं है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रमेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना को लेकर जांच कराते हुए आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।