जिले में 19 दिसंबर को पांच केंद्रों पर आयोजित होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा को नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। केंद्रवार पर्यवेक्षकों की तैनाती कर दी गई है। वहीं, उड़ाका दल भी गठित किया गया है। परीक्षा में 2557 परीक्षार्थी बैठेंगे।
शिक्षक पात्रता परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह दस बजे से दोपहर साढ़े बारह बजे व द्वितीय पाली दोपहर ढाई बजे से शाम पांच बजे तक चलेगी। प्रथम पाली में जीजीआईसी में 1000 एवं राजकीय इंटर कालेज में 1036 परीक्षार्थी नामांकित हैं। वहीं, द्वितीय पाली में जीजीआईसी में 1000, जीआईसी में 1000, वर्णी कालेज में 500, पीएन इंटर कालेज में 57 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इस तरह प्राथमिक स्तर में 2036 एवं उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा में 2557 परीक्षार्थी बैठेंगे।
जिलाधिकारी डा. रूपेश कुमार ने परीक्षा को नकल विहीन बनाने के लिए केंद्रवार मजिस्ट्रेट एवं पर्यवेक्षक नामित कर दिए हैं। जीजीआईसी में एसडीएम सदर, बीएसए, जीआईसी में एसडीएम पाली, बीईओ एनएल शर्मा, वर्णी जैन इंटर कालेज में एसडीएम, बीईओ महरौनी आरके पुरोहित, पीएन इंटर कालेज में तालबेहट एसडीएम, ह्दय शंकर लाल श्रीवास्तव को पर्यवेक्षक बनाया गया है। वहीं, परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के मकसद से पुलिस क्षेत्राधिकारी के नियंत्रण में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा सचल दल भी गठित कर दिया गया है। दल में डीआईओएस डा. आरपी वर्मा, प्रधानाचार्य श्रीराम समाधिया, सोनाली सूर्यवंशी, अजय साहू, सुशील गुप्ता को शामिल किया गया है।
इतने चाहिए कक्ष निरीक्षक
राजकीय बालिका इंटर कालेज में 158, राजकीय इंटर कालेज में 151, वर्णी जैन इंटर कालेज में 38, पीएन इंटर कालेज में 05 कक्ष निरीक्षक की आवश्यकता है। इस तरह प्राथमिक स्तर पर 155, उच्च प्राथमिक स्तर पर 197 कक्ष निरीक्षकों की जरूरत है। इस कोरम को पूरा करने के लिए बेसिक शिक्षकों की मदद ली जा रही है।