रेलवे ट्रक पर पशुओं के जाने से रोका जा सकेगा, आवागमन भी होगा सुरक्षित
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। रोंड़ा स्थित हाईवे से न्यू ललितपुर टाउन रेलवे स्टेशन तक रेलवे प्रशासन सड़क किनारे 1200 मीटर सुरक्षा दीवार बनाएगा। इससे एक ओर जहां रेलवे की जमीन सुरक्षित होगी। वहीं इस क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर पशुओं को जाने से भी रोका जा सकेगा।
रेलवे प्रशासन की ओर से लगभग 1200 मीटर लंबी सीसी सड़क का निर्माण किया गया है। यह सड़क एक ओर से सीधे नए मालगोदाम तक जाती है। रेल पटरियों के दूसरी ओर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म तक जाने के लिए भी सड़क का निर्माण किया जा रहा है। अब रेलवे प्रशासन की ओर से हाईवे से नए मालगोदाम तक सुरक्षा की दृष्टि से रेल लाइन के पास पक्की सुरक्षा दीवार तैयार की जाएगी।
हाईवे के पास से सुरक्षा दीवार बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। इसके लिए अभी सरिया लगाकर फाउंडेशन तैयार किया जा रहा है। इसके बाद यहां लगभग छह फुट ऊंची सीमेंटेड सुरक्षा दीवार तैयार की जाएगी। वहीं, सड़क किनारे भी लोहे की ग्रिल लगाई गई है। यह सुरक्षा दीवार बनने से जानवर, पशु और आम लोग भी आसानी से सुरक्षा दीवार फांदकर रेल पटरियों तक नहीं पहुंच सकेंगे। यह सुरक्षा दीवार बनने से सड़क के दोनों ओर आवागमन सुगम हो सकेगा। रेलवे द्वारा यहां हाईवे के पास भी सड़क का अधूरा हिस्सा तैयार कर लिया गया है।
वर्जन
रोंड़ा स्थित हाईवे से न्यू ललितपुर टाउन स्टेशन तक सड़क बनकर पूरी तरह से तैयार हो गई है। इसके साथ ही इस सड़क पर सुरक्षा की दृष्टि से सड़क किनारे रेलवे पटरियों की ओर सुरक्षा दीवार बनाई जा रही है। इसका कार्य शुरू कर दिया गया है। - मनोज कुमार सिंह, पीआरओ, रेलवे झांसी