संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी वार्ड में ड्यूटी पर तैनात ईएमओ के साथ अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए पिटाई करने के आरोप में पुलिस ने शिवम यादव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में कार्यरत ईएमओ डॉ. बृजकिशोर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बृहस्पतिवार को वह ड्यूटी पर थे। इसी दौरान एक गंभीर रूप से बीमार बच्चे को तीन तीमारदारों के साथ इमरजेंसी लाया गया। बच्चे की हालत नाजुक होने के कारण उसका उपचार किया जा रहा था और बेहतर इलाज के लिए कॉल पर बाल रोग विशेषज्ञ से परामर्श भी लिया जा रहा था। इसी बीच किसी बात को लेकर शिवम यादव निवासी हर्षपुर, थाना तालबेहट ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए पिटाई कर दी।
घटना से इमरजेंसी वार्ड में अफरा-तफरी मच गई, जिससे गंभीर मरीजों का इलाज प्रभावित हुआ। कुछ समय के लिए इमरजेंसी सेवाएं भी बाधित रहीं।
इस घटना से चिकित्सक की गरिमा को भी ठेस पहुंची। पुलिस ने पीड़ित चिकित्सक की तहरीर के आधार पर आरोपी शिवम यादव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।