संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। स्लीपर बस की टक्कर से मरने वाले तीनों बाइक सवार युवकों में आलोक व राजकुमार ममेरे-फुफेरे भाई थे और जयदीप रिश्ते में साला लगता था। शाम को लहरधाम पर आलोक अपनी शादी के लिए लड़की देखने के बाद राजकुमार व जयदीप के साथ घर लौटा था। इसके बाद तीनों रात को किसी काम से कस्बा मड़ावरा के लिए निकले थे। पुलिस ने बस के अज्ञात चालक पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कस्बा मड़ावरा के पास सोमवार की रात को पेट्रोल पंप के पास मध्य प्रदेश के पृथ्वीपुर से इंदौर जा रही स्लीपर बस की टक्कर से बाइक सवार ग्राम बम्हौरी कलां निवासी 18 वर्षीय आलोक और 18 वर्षीय जयदेव निवासी ग्राम हिलगन व 19 वर्षीय राजकुमार निवासी ग्राम पिपरिया की मौत हो गई थी। मरने वाले तीनों युवक आपस में रिश्तेदार थे। आलोक और राजकुमार ममेरे-फुफेरे भाई थे और जयदीप रिश्ते में साला लगता था। मृतक आलोक के पिता पप्पू के मुताबिक आलोक की शादी करने को लेकर रिश्ते देखे जा रहे थे। सोमवार को आलोक के रिश्ते के लिए एक लड़की दिखाई का कार्यक्रम लहरधाम पर हुआ था। इसमें आलोक, जयदीप व राजकुमार सहित नाते-रिश्तेदार शामिल हुए थे। लड़की देखने के बाद तीनों घर ग्राम बम्हौरी कलां आ गए थे। इसके बाद रात को तीनों घर पर किसी काम से कस्बा मड़ावरा जाने की बात कहकर बाइक लेकर निकल गए थे। इसके बाद उनको सूचना मिली कि कस्बा मड़ावरा के समीप बस की टक्कर से बाइक सवार उसके पुत्र आलोक सहित राजकुमार व जयदीप की मौत हो गई। मृतक आलोक दो भाइयों में छोटा था। राजकुमार दो भाई-एक बहन में बड़ा था और जयदीप अपनी तीन बहनों का इकलौता भाई था। थाना मड़ावरा प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि मृतक आलोक के भाई की तहरीर पर बस के अज्ञात चालक पर रिपोर्ट पंजीकृत कर ली गई है। घटना की जांच कर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
-
गमगीन माहौल में किया गया तीनों का अंतिम संस्कार
दुर्घटना में तीन युवकों की मौत होने की खबर जैसे ही उनके गांवों और घर पर पहुंची तो कोहराम मच गया। मंगलवार को तीनों के शवों का पोस्टमार्टम किया गया। इसके बाद तीनों के परिजन शव लेकर उनके गांव में पहुंचे। यहां गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।
-
हादसों से नहीं ले रहे सबक, हेलमेट को लेकर बने हैं बेपरवाह
सड़क दुर्घटना में कमी लाने और मृत्युदर न्यूनतम करने के लिए पुलिस विभाग की ओर लगातार यातायात नियमों को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसमें विशेषकर बाइक चलाते समय हेलमेट और चार पहिया कार चलाते समय सीट बेल्ट लगाने की बात आम लोगों सहित वाहन चालकों को बताई जा रही है। लेकिन बाइक चालक है कि इतने हादसे होने पर सबक नहीं ले रहे हैं और हेलमेट को लेकर बेपरवाह बने हुए है। 23 फरवरी की रात को बस की टक्कर से मरने वाले तीनों युवक भी हेलमेट नहीं लगाए हुए थे।
29 दिन, तीन बड़े सड़क हादसे... एक मासूम सहित आठ की हुई मौत
- 26 जनवरी को थाना जाखलौन अंतर्गत ग्राम बरखेरा में राज्यमंत्री के पुत्र की कार ने बाइक पर बैठ रहे तीन लोगों को टक्कर मार दी थी। जिससे चचेरे भाई 18 वर्षीय शिवेंद्र की मौके पर और 20 वर्षीय अनुज की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। तीसरा घायल 45 वर्षीय शंकर अभी भी अस्पताल में मौत से संघर्ष कर रहा है।
- 13 फरवरी को थाना बानपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुगरवारा के पास तेज रफ्तार भाग रही बस ने बाइक को टक्कर मार दी थी। जिसमें 27 वर्षीय देशपत निवासी ग्राम तोर और उसके पांच वर्षीय पुत्र कार्तिक सहित रिश्ते में साढू लगने वाले 21 वर्षीय रिंकू की मौत हो गई थी।
- 23 फरवरी की रात को कस्बा मड़ावरा के समीप स्लीपर बस ने बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें बाइक सवार आलोक, राजकुमार और जयदीप की मौत हो गई।
-