ललितपुर। बारिश के मौसम में भी शहर में पेयजल संकट दूर होने का नाम नहीं ले रहा है। मोटर जलने से चार दिन से तीन मोहल्लों में आठ हजार की आबादी पेयजल संकट से जूझ रही है। लोगों को हैंडपंप व अन्य संसाधनों से पानी जुटाना पड़ रहा है। इससे शुद्ध पानी नहीं मिल पा रहा है। पानी दूषित होने की स्थिति में बीमारियां होने का खतरा बना हुआ है।
जल संस्थान के डोंडाघाट पंप हाउस से तालाबपुरा व आजादपुरा और लेड़ियापुरा में सीधी सप्लाई की जाती है। इससे लगभग आठ हजार की आबादी को पानी मुहैया कराया जाता है। लेकिन, चार दिन पहले पंप हाउस की दो मोटरें एक साथ जल गईं, तब से आपूर्ति ठप है। लगातार चार दिन से पानी की सप्लाई न होने से मोहल्लों में हाहाकार मचा है। स्थिति यह है कि लोग प्रतिदिन नलों में पानी आने का इंतजार करते हैं, देर सुबह तक पानी न आने पर उदास होकर हैंडपंप व आस-पास में मोटरों वाले घरों से पानी जुटा रहे हैं। इससे समय बर्बाद हो रहा है। बच्चे समय से विद्यालय नहीं पहुंच पा रहे हैं।
-
टैंकरों से भी नहीं मिल रहा पानी : अधिकारियों के अनुसार आपूर्ति बहाल होने में दो दिन का समय लग जाएगा। इसके बाद भी टैंकरों से पानी मुहैया नहीं कराया जा रहा है।