ललितपुर। थाना नाराहट अंतर्गत ग्राम डोलपुरा निवासी एक युवक को बुधवार की सुबह खेत पर काम करने के दौरान सांप से डस लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। डोलपुरा निवासी बलराम (32) पुत्र मानकचंद बुधवार की सुबह करीब पांच बजे खेत पर गया था, जहां काम करने के दौरान उसे सर्प ने डस लिया। तकलीफ बढ़ने पर वह सीधा अपने घर गया और परिजनों को सर्प के डसे जाने की बात बताई। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू कर दिया लेकिन सकी मौत हो गई। जानकारी मिलने पर पुुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर, बरसात के दौरान जनपद में खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में सर्पदंश के मामलों में काफी वृद्धि हो गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों व घरों में सांप के डसने के मामले आए दिन प्रकाश में आ रहे हैं, जिनमें मुश्किल से 20 प्रतिशत लोगों की ही जान बच पा रही है। बाकी लोगों की मौत हो जा रही है। दरअसल, सांप के डसने के बाद लोग मरीज को चिकित्सकों के पास सीधे न ले जाकर पहले झाड़ फूंक कराते हैं और जब हालत अधिक बिगड़ जाती है, तब उसे जिला अस्पताल ले जाते हैं। लेकिन, तब तक काफी देर हो चुकी होती है। लोगों की लापरवाही से अपनों की जान जा रही है।