डीएम के निर्देश पर नपा, जल निगम व जल संस्थान के अधिकारी कर रहे सर्वे
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शहर में अमृत योजना-2 के तहत पेयजल पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों से आम लोगों को हो रही परेशानी के चलते जिलाधिकारी द्वारा गठित की गई नगर पालिका, जल निगम और जल संस्थान की टीमों द्वारा वार्ड, मोहल्लों में सर्वे शुरू कर दिया है। टीमों के अधिकारियों द्वारा खोदी गई सड़कों की सूची तैयार की जा रही है, ताकि जल्द से जल्द जहां पाइप लाइन बिछाई जा चुकी हैं, वहां सड़कों के मरम्मत का काम किया जा सके।
जिलाधिकारी द्वारा गठित की गई नगर पालिका, जल निगम और जल संस्थान की टीमों के अधिकारियों ने शुक्रवार को तीन वार्डों का निरीक्षण किया, जिसमें वार्ड नंबर 12, आजादपुरा द्वितीय, वार्ड नंबर 15 गांधीनगर और वार्ड नंबर 17 सिविल लाइन द्वितीय में सड़कों का सर्वे कर खुदी पड़ी सड़कों की सूची तैयार की और मरम्मत के लिए सड़कों के नाम सूची में शामिल किए। इसके बाद शनिवार को भी सुबह 11 बजे से तीनों विभागों की टीमों ने वार्ड नंबर 16 आजादपुरा प्रथम, वार्ड नंबर 19 आजादपुरा द्वितीय और वार्ड नंबर 21 तालाबपुरा द्वितीय का पाइप लाइन के लिए खोदी गई सड़कों का निरीक्षण किया और खुदी पड़ी सड़कों की सूची तैयार कर मरम्मत के लिए बनाई गई यह सूची जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी। निरीक्षण में जल निगम के अवर अभियंता अश्विनी कुमार, जल संस्थान के राहुल कुमार और नगर पालिका की अवर अभियंता निधि पांडेय, निर्माण लिपिक दीपेंद्र कुमार आदि शामिल रहे।