ललितपुर। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सड़क हादसों में दो ग्रामीणों की मौत हो गई। एक हादसा नहर में ट्रैक्टर गिरने से हुआ तो दूसरे हादसे में बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई।
थाना जखौरा अंतर्गत ग्राम करमुहारा निवासी हरभजन (28) पुत्र सरु बृहस्पतिवार को दोपहर में करीब सवा बारह बजे ट्रैक्टर लेकर खेत पर जा रहा था। उसके खेत से कुछ दूर पहले ही यूआरसी- लागौन माइनर नहर निकली हुई है। वह अपना ट्रैक्टर माइनर से होकर निकालने लगा। अभी वह ट्रैक्टर निकालने का प्रयास कर ही रहा था कि ट्रैक्टर अचानक असंतुलित होकर माइनर में पलटकर गिर गया और हरभजन ट्रैक्टर के नीचे जा गिरा। हरभजन ट्रैक्टर के नीचे दब गया।
यह देख कुछ दूर खेतों में काम कर रहे परिजन व अन्य ग्रामीण दौड़े और ग्रामीणों ने किसी प्रकार ट्रैक्टर को थोड़ा उठाकर उसके नीचे दबे हरभजन को किसी प्रकार बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। जानकारी मिलने पर जखौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। हरभजन अपने माता-पिता की अकेली संतान था।
उधर, थाना बार अंतर्गत ग्राम खैराडांग निवासी एक युवक की बाइक अनियंत्रित होकर फिसलकर गिरने से मौत हो गई, जबकि साथी घायल हो गया। थाना बार के अंतर्गत ग्राम बरौदाडांग निवासी भैयालाल (27) पुत्र गनपत कुशवाहा अपने गांव के साथी रामकुमार के साथ उसकी रिश्तेदारी में बुधवार की शाम को शादी में ग्राम पूराकलां गया था। शादी में शामिल होने के बाद वह पूराकलां से रामकुमार के साथ गांव लौट रहा था। अभी वह दोनों ग्राम खैराडांग के पास ही पहुंचे थे कि रात करीब आठ बजे भैयालाल की तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर फिसलकर दूर जा गिरी, जिससे भैयालाल व रामकुमार दोनों घायल गए। भैयालाल को अधिक गंभीर चोटें आईं।
जानकारी मिलने पर आसपास के ग्रामीण व परिजन मौके पर पहुंच गए और घायलों को तालबेहट अस्पताल ले गए, जहां गंभीर रुप से घायल भैयालाल की इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि, साथी रामकुमार का इलाज चल रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।