ललितपुर। थाना कोतवाली के बिरधा चौकी अंतर्गत ग्राम बंगरिया-उमरिया स्थित हाइवे पर बाइक फिसलने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार घायल हो गया। थाना बार अंतर्गत ग्राम चिगलौआ निवासी रामकली (45) पत्नी छोटेलाल अपने रिश्तेदार ग्राम चढ़रऊ निवासी शिवचरन के साथ बाइक से बासौदा जा रही थी। अभी वह ब्लाक बिरधा के बंगरिया-उमरिया के पास हाइवे पर ही पहुंचे थे कि एक पुलिया के पास उनकी बाइक अचानक फिसल गई, जिससे दोनों गंभीर रुप से घायल हो गए। राहगीरों ने एंबुलेंस बुलाई, लेकिन तब तक रामकली की मौत हो चुकी थी। घायल शिवचरन को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।, जानकारी मिलने पर पुलिस ने रामकली का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रामकली का एक पुत्र है।