- ट्रैक्टर चालक स्टेयरिंग में फंसा, आधा घंटे की मशक्कत बाद बाहर निकाला
- ललितपुर-बानपुर मार्ग पर ग्राम बिरारी के पास बरुआ नाले के समीप हुई घटना
फोटो-04
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। बानपुर मार्ग पर ग्राम बिरारी के पास बरुआ नाले के समीप बुधवार रात तेज रफ्तार भाग रहे ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। जिससे ट्रैक्टर चालक सहित तीन किसान गंभीर रूप से घायल हो गए। पीआरवी वाहन ने दो घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जबकि ट्रैक्टर की स्टेयरिंग में फंसे चालक को आधा घंटे की मेहनत बाद बाहर निकाला जा सका।
थाना बानपुर अंतर्गत ग्राम उमरी निवासी महेश यादव (32) अपने चाचा दयाराम (55) और श्रीकृष्ण (50) के साथ बुधवार को ललितपुर गल्ला मंडी अनाज बेचने आए थे। सोयाबीन और मूंगफली की फसल बेचने के बाद वह रात के समय खाद-बीज बाजार से खरीदकर ट्रॅाली में रख लिया था। इसके साथ करीब दो सौ लीटर डीजल भरवाकर रात करीब 11 बजे वह अपने गांव वापस लौट रहे थे। अभी वह लोग ललितपुर-बानपुर मार्ग पर ग्राम बिरारी के पास बरुआ नाले के समीप पहुंचे थे। तभी पीछे से तेज रफ्तार आ रहे डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। खाद-बीज और डीजल सड़क पर फैल गया और उस पर सवार श्रीकृष्ण और दयाराम सड़क पर गिरकर घायल हो गए। जबकि चालक महेश स्टीयरिंग में फंस गया।
सूचना मिलने पर डायल-112 पीआरवी वाहन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों घायलों को पीआरवी वाहन से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहीं क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर की स्टेयरिंग में फंसे चालक महेश को करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद जेसीबी मशीन की मदद से बाहर निकाला जा सका और उसे मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने महेश यादव और दयाराम की हालत गंभीर देखते हुए झांसी रेफर कर दिया। जबकि दुर्घटना के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग गया। सीओ सदर अजय कुमार ने बताया कि घटना में घायल हुए लोगों को इलाज के लिए पुलिस ने अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया। मामले में आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।