संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शराब पीकर डबल डेकर बस ले जा रहे चालक को यातायात पुलिस ने पकड़ लिया। बस का चालान करते हुए चालक का लाइसेंस निलंबित करने के लिए एआरटीओ को पत्र लिखा है। बस के लहराकर चलने पर यातायात पुलिस को शक हुआ था।
बृहस्पतिवार रात 10 बजे प्रभारी यातायात आलोक तिवारी शहर में भ्रमण कर रहे थे। बस स्टैंड के पास स्थित पेट्रोल पंप के नजदीक उन्होंने देखा कि एक डबल डेकर बस जिसमें सवारियां बैठी थीं, सड़क पर लहराते हुए जा रही थी। शक होने पर बस को रोक लिया। चालक को नीचे उतारा तो वह नशे की हालत में पाया गया।
ब्रीथ एनालाइजर मशीन से चालक का अल्कोहल टेस्ट किया तो वह काफी नशा किए हुए मिला। बस में 40-45 सवारियां बैठी हुई थीं। बच्चे भी थे। बस मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ से ललितपुर आई थी और यहां से इंदौर जा रही थी। प्रभारी यातायात ने दूसरे चालक को बुलाकर बस को इंदौर के लिए रवाना कराया।
सवारियों से भरी बस को शराब के नशे में ले जाते चालक को पकड़ा था। बस का चालान कर दूसरे चालक को बुलाकर बस को गंतव्य के लिए रवाना कराया। चालक का लाइसेंस निलंबित करने के लिए एआरटीओ को पत्र लिखा गया है।
आलोक तिवारी, प्रभारी यातायात