संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। नेपाल से बेंगलुरु जा रही स्लीपर बस मंगलवार की सुबह बांसी के पास हाईवे पर पौधों में पानी दे रहे पानी के टैंकर से टकरा गई। बस में सवार आठ सवारियां घायल हो गईं। घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। दो लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया गया।
झांसी सागर नेशनल हाईवे-44 पर मंगलवार सुबह कस्बा बांसी के पास पानी से भरे टैंकर से मजदूर डिवाइडर के बीच में खड़े पौधों को पानी दे रहा था। इसी दौरान झांसी की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्लीपर बस पीछे से टैंकर से टकरा गई। बस क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठी सवारियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायल हुए बस सवारों को बाहर निकाला। चौकी बांसी पुलिस भी मौके पर पहुंची।
पुलिस ने हादसे में घायल नेपाल के लोगों में विनोद (34), नंदराज जोशी (42), दत्तराज जोशी (33), प्रेम पांडेय (55), करन (32), गंगा (35) पत्नी वीरन, अग्निराज (45), धोना देवी (45) पत्नी अग्निराज को 108 एंबुलेंस के जरिये मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
यहां से अग्निराज व धोना देवी को मेडिकल कालेज झांसी रेफर कर दिया। बस में करीब 50 लोग सवार थे जो कि नेपाल के थे। बांसी के चौकी प्रभारी कुलदीप राणा ने बताया कि सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।