संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। होली को लेकर पुलिस अलर्ट है। 854 स्थानों पर होलिका जलाई जाएगी। इस दौरान संबंधित थाना या चौकी क्षेत्र के पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे।
13 मार्च की रात होलिका दहन को लेकर कोई गड़बड़ी न हो, इसके लिए पुलिस सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है। रमजान माह और होली साथ होने के चलते पुलिस अधिकारी दोनों समुदाय के लोगों के साथ बैठक कर रहे हैं और सभी से सौहार्द पूर्वक त्योहार मनाने की अपील कर रहे हैं। इस साल निर्धारित 854 स्थानों पर होलिका दहन किया जाएगा। कोतवाली क्षेत्र में सबसे अधिक डेढ़ सौ स्थानों पर होलिका दहन होगा। जबकि, सबसे कम मदनपुर थाना क्षेत्र में होलिका जलाई जाएगी। खुफिया इकाई भी सक्रिय रहेगी और खुरापाती तत्वों के बारे में जानकारी एकत्रित करेगी। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में शहर के मोहल्ला जेल चौराहा, सदनशाह, घंटाघर, नदीपुरा, कस्बा महरौनी और बानपुर में पुलिस की विशेष नजर रहेगी। ⭔