संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ क्षेत्र में शुक्रवार शाम को हुई दुर्घटना में जनपद के थाना गिरार अंतर्गत ग्राम छितरापुर निवासी बाइक सवार जीजा और साले की मौत हो गई। दुर्घटना टीकमगढ़-सागर हाईवे रोड पर पर हुई। सूचना पर मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए थे।
शुक्रवार की शाम को मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ अंतर्गत बड़ागांव थाना क्षेत्र में टीकमगढ़-सागर हाईवे पर अज्ञात वाहन ने एक बाइक सवारों को टक्कर मार दी। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बड़ागांव अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान जनपद ललितपुर के 50 वर्षीय दादे रैकवार निवासी ग्राम छितरापुर करीटोरन थाना गिरार और बहनोई 45 वर्षीय भरोसी रैकवार निवासी ग्राम पनबाड़ी मध्यप्रदेश, हाल निवासी छितरापुर थाना गिरार के रूप में हुई।
घटना की सूचना मृतकाें के परिजनों को दी गई तो वह भी मौके पर पहुंच गए थे। एमपी के बड़ागांव थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की। थाना गिरार प्रभारी निरीक्षक हरीशंकर तिवारी ने बताया कि एमपी के बड़ागांव थाना प्रभारी ने घटना की सूचना देकर छितरापुर निवासी दो लोगों की दुर्घटना में मौत होने की जानकारी दी थी। इस पर मृतकों के परिजनों को इसकी सूचना दी गई तो वह घटनास्थल के लिए रवाना हो गए थे। मृतक जीजा साले बताए गए हैं।