जाखलौन (ललितपुर)। धौर्रा स्टेशन के क्रॉसिंग पर ट्रक के पहिये का एक्सल टूट गया, इससे एक घंटे तक ट्रक रेलवे लाइन पर फंसा रहा। आरपीएफ ने जेसीबी से ट्रक को खींचकर रेल यातायात सुचारु कराया। इस दौरान कई ट्रेनें प्रभावित रहीं। सड़क यातायात भी दिनभर बाधित रहा।
कस्बा धौर्रा स्थित रेलवे क्रॉसिंग के गेट संख्या 319 को पार करते समय बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे मध्य प्रदेश की ओर जा रहा सीमेंट की मुंडियों (छोटे पिलर) से भरे ट्रक के पहिये का एक्सल टूट गया। ट्रक अप रूट की लाइन पर फंस गया। इससे रेलवे का गेट भी खुला रह गया और दोनों ओर का रेल रूट बाधित हो गया।
रेलवे के इंजीनियरिंग और सिग्नल विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। रेलवे गेट पर अस्थायी व्यवस्था कर सिग्नल प्रणाली संचालित कराई। इसके बाद डाउन रूट पर ट्रेनों का संचालन शुरू हुआ। आरपीएफ कर्मी भी मौके पर पहुंचे और जेसीबी मंगाकर एक घंटे बाद ट्रक को रेलवे लाइन से पीछे खींचा गया।
फंसे ट्रक को कराया खाली :
रेलवे गेट के अंदर ही ट्रक को अनलोड कराया गया और वहीं मिस्त्री बुलाकर सुधारा गया। इस कार्य को पूरा होने में शाम हो गई और तब तक रेलवे क्रॉसिंग वाहनों के निकलने के लिए बंद रही। राहगीरों को पांच किलोमीटर का चक्कर काटकर नारायणी नदी के नीचे ऊबड़-खाबड़ कच्चे रास्ते से होकर निकलना पड़ा। कई राहगीर लौट भी गए। वहीं, गांव के दूसरी ओर आधा गांव होने व स्कूल आदि के चलते ग्रामीणों व छात्र-छात्राओं को भी परेशान होना पड़ा। शाम करीब 6:30 बजे ट्रक हटाने के बाद सड़क खोली गई।
-
ये ट्रेनें रहीं प्रभावित
अप रूट की कुशीनगर एक्सप्रेस एक घंटा, साबरमती आधा घंटा, डाउन रूट की महामना एक्सप्रेस आधा घंटा प्रभावित रही। कुछ मालगाड़ियों को भी घटनास्थल से पहले स्टेशन पर रोक दिया गया।
000000000000
रेल लाइन पर ट्रक फंसने से कुछ ट्रेनें प्रभावित रहीं। रेलवे टीम ने ट्रक को लाइन से हटवाया और तीसरी लाइन से रेल यातायात सुचारु कराया।-मनोज कुमार, पीआरओ।