ललितपुर। थाना जाखलौन के अंतर्गत एक गांव निवासी 12 वर्षीय बालक के साथ कुकर्म करने में नाकाम होने पर आरोपी ने उसकी हत्या का प्रयास किया। आरोपी अमरूद खिलाने का झांसा देकर बालक को गांव से एक किलोमीटर दूर बगीचे में ले गया था। बालक किसी प्रकार आरोपी के चंगुल से छूट कर गांव पहुंचा, तब परिजन उसे थाने लेकर पहुंचे, जहां से उसे जिला अस्पताल भेजा गया।
थाना जाखलौन के अंतर्गत एक गांव निवासी 12 वर्षीय बालक शुक्रवार को दोपहर में घर के बाहर खेल रहा था। तभी गांव का एक युवक संजीव उर्फ गोलू यादव उसे बहला-फुसलाकर एक किलोमीटर दूर बगीचे में अमरूद खिलाने के लिए ले गया और वहां उसके साथ कुकृत्य का प्रयास करने लगा। जब उसने विरोध किया, तो आरोपी ने गला दबाकर बालक को मारने का प्रयास किया और उसे कुछ सुंघा दिया, जिससे वह बेहोश हो गया। करीब एक घंटे बाद जब उसे होश आया तो वह नाले के पास पत्तों से ढका पड़ा था। इसके बाद बालक घर पहुंचा और परिजनों को पूरी घटना बताई। परिजन उसे लेकर थाने लेकर पहुंचे, जहां से उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया। फिलहाल जाखलौन थाना पुलिस ने बालक के चाचा की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमला करने का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। बालक ने बताया कि आरोपी ने उसके साथ गलत काम करने का प्रयास किया था। बालक के पिता व चाचा ने बताया कि आरोपी ने उसके पुत्र के साथ गलत काम किया और गला दबाकर मारने का प्रयास किया और मरा समझकर नाले के पास पत्तों से ढक दिया एवं वहां से भाग गया।
इस मामले में जाखलौन थाना के एक गांव के व्यक्ति ने तहरीर दी है कि उसके भतीजे के साथ एक व्यक्ति ने मारपीट की गई, तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है, जो भी अन्य तथ्य प्रकाश में आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई भी की जाएगी।
- कैप्टन एमएम बेग, पुलिस अधीक्षक, ललितपुर।