ललितपुर। कलेक्ट्रेट में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान मंडलायुक्त ने जनता की शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापरक तरीके से करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इसमें लापरवाही पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
जिला संयुक्त चिकित्सालय में निरीक्षण के बाद मंडलायुक्त के राम मोहन राव कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों की अधिकारियों से जानकारी ली। डा. राम मनोहर लोहिया समग्र ग्राम योजना के तहत चयनित ग्रामों में अब तक कराए गए कार्यों का विवरण जानने के बाद कमिश्नर ने अधिकारियों से गुणवत्तापरक काम कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इन योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराया जाना चाहिए। इसमें लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने बिजली, सिंचाई, जल निगम, जल संस्थान, कृषि विभाग की योजनाओं व चल रहे कार्यों पर सवाल जवाब किए। जनता की शिकायतों के गुणवत्तापरक निस्तारण को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने कहा कि यह कार्य लोगों को सीधे राहत देने वाला है। इसलिए, इस काम में लापरवाही नहीं की जानी चाहिए। शिकायतों का गुणवत्तापरक निस्तारण होने से शिकायतकर्ता का व्यवस्था पर विश्वास बढ़ेगा और सभी लोग संतुष्ट होने लगेंगे। इस दौरान विभिन्न विभागीय अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
सिंचाई रथ को दिखाई हरी झंडी
ललितपुर। सहभागी सिंचाई प्रबंधन के लिए ग्रामीणों को जागरूक करने को सिंचाई रथ गांव- गांव जाएगा। इस रथ पर मौजूद विभागीय कर्मी ग्रामीणों को इस प्रबंधन के महत्व बताएंगे। शनिवार को लोक निर्माण विभाग रेस्ट हाउस में मंडलायुक्त के राममोहन राव ने हरी झंडी देकर इस रथ को रवाना किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों से सहभागी सिंचाई प्रबंधन के संबंध में सवाल जवाब किए। अफसरों ने बताया कि इसके तहत कुलावा, अल्पिका व रजवाहा समिति बनायी जाएगी, जो पानी के बंटवारे की जिम्मेदारी उठाएगी।