ललितपुर। सर्वर डाउन होने के कारण विद्युत विभाग में बृहस्पतिवार को ऑनलाइन बिलिंग नहीं हो सकी। वहीं, कैंप में भी मैन्युअल रसीद नहीं कटने के कारण लोगों को मायूस होना पड़ा।
राजस्व वसूलने व विद्युत चोरी पर लगाम लगाने के लिए विद्युत विभाग ने बृहस्पतिवार से तीन दिवसीय विद्युत चेकिंग अभियान की शुरुआत की। विद्युत विभाग के अधिकारियों को देखकर बकाएदार विद्युत कार्यालय में बड़ी संख्या में बिल भरने के लिए पहुंचे। लेकिन, सर्वर डाउन होने के कारण उनके बिल ऑनलाइन नहीं भरे जा सके। जिला परिषद स्थित कार्यालय व नझाई बाजार स्थित विद्युत खिड़कियों पर यह स्थिति दोपहर तक जारी रही। घंटों धूप में लगे रहने के बाद बकायेदार घरों को लौटने लगे। वहीं, विद्युत विभाग के अधिकारियों ने विद्युत समस्याओं का समाधान करने के लिए जिला परिषद स्थित कार्यालय के सामने शिविर भी लगाया। लेकिन, इसमें मैन्युअल रसीद काटने की व्यवस्था नहीं की गई। इससे लाइन में लगे बकायेदारों के बिल जमा नहीं हो सके। कई उपभोक्ताओं का आरोप था कि बकायेदारी जमा करने के लिए विभाग के चक्कर लगाने पड़ते हैं।