ललितपुर। जनपद की धार्मिक परंपरा के रूप में प्रसिद्ध जलविहार कार्यक्रम को सुचारु ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी ने विभिन्न अफसरों को जिम्मेदारी सौंप दी है। शांति व्यवस्था के लिए अफसरों को निर्देश भी दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ओपी वर्मा ने जलविहार कार्यक्रम को शांतिपूर्ण व व्यवस्थित ढंग से निपटाने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की है। पांच सितंबर को उप जिलाधिकारी सदर पूनम निगम को विमानों की अगुवानी से लेकर उनकी वापसी तक शांति व्यवस्था पर नजर रखने को कहा गया है। जिला प्रोवेशन अधिकारी चंद्रचूड़ दुबे को सुम्मेरा तालाब के घाटों पर विमानों की पूजा अर्चना के समय श्री नृसिंह मंदिर प्रांगण में उपस्थित रहकर व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए गए हैं। घंटाघर प्रांगण में विमानों के एकत्रित होने के समय पूजा अर्चना के उपरांत उनकी वापसी तक तहसीलदार सदर अरुण श्रीवास्तव मौके पर मौजूद रहेंगे। इसके अलावा उप जिलाधिकारी सदर को नगर क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है। वह शांति व्यवस्था के लिए उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों व नायब तहसीलदारों को जिम्मेदारियां सौंपेंगे। इसके साथ ही जिलाधिकारी ओपी वर्मा ने पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त कराने को कहा है।