तालबेहट (ललितपुर)। राजस्व अधिकारियों की उपेक्षित नीति एवं राजस्व कर्मचारियों की मिलीभगत से तहसील के कई गांवों में ग्राम पंचायत की जमीनों पर दबंगों द्वारा कब्जा करने की कवायद जारी है। इस संबंध में कई लोगों ने उच्चाधिकारियों को शिकायती पत्र देकर अवैध कब्जाें पर रोक लगवाने की मांग की है।
तहसील मुख्यालय से कुछ ही दूरी पर दबंगों ने माताटीला रोड़ पर एक पुलिया के पास रास्ता बनाने के लिए ग्राम सभा की जमीन को खोद दिया। इस संबंध में कुछ ग्रामीणों ने राजस्व अधिकारियों को शिकायती पत्र दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि उनकी शिकायत के बाद भी किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया है।
वहीं, विकास खंड बार अंतर्गत ग्राम पठापचौड़ा में कैलगुवा मार्ग पर कुछ लोग ग्राम सभा की जमीन पर कब्जा कर रहे हैं। इस संबंध में ग्राम पंचायत सदस्य विजय पाल ने एसडीएम एवं सीओ को एक शिकायती पत्र देकर मामले की जांच कराके दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने अपने शिकायती पत्र में अवगत कराया है कि इस संबंध में वह कई बार अधिकारियों को अवगत करा चुके है परंतु राजस्व कर्मचारियाें की मिली भगत के चलते कब्जा करने की कवायद जारी है।