ललितपुर। आगामी लोकसभा चुनाव में अधिक से अधिक मतदान के लिए भारत निर्वाचन आयोग के साथ अमर उजाला फाउंडेशन ने कदमताल करते हुए रविवार को बूथों पर आयोजित शिविर में अपनी अहम भूमिका अदा की। मतदाताओं को मतदान के लिए जागरूक किया गया। इस दौरान बूथों पर युवाओं की खासी भीड़ उमड़ी।
मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान मतदाता नहीं बन सके लोगों को सुविधाजनक एक और मौका देने के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने रविवार को विभिन्न पोलिंग बूथों पर विशेष शिविर आयोजित किए। नगर के साथ- साथ ग्रामीण इलाकों के पोलिंग बूथों पर सुबह से ही बूथ लेवल आफीसर मतदाता सूची व अन्य फार्मों के साथ पहुंच गए। सुबह दस बजे से पोलिंग बूथों पर भीड़ जुटने लगी। कुछ लोगों ने मतदाता सूची में अपना देखा तो तमाम लोगों ने फार्म-6 भरकर मतदाता बनने के लिए आवेदन किया। दोपहर 12 बजते ही पोलिंग बूथों पर युवकों की खासी भीड़ दिखाई दी। मतदाता सूची में नाम नहीं देख तमाम युवाओं व युवतियों ने फार्म-6 भरा। इस कार्यक्रम में अमर उजाला फाउंडेशन ने भी अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी निभाई।
सिविल लाइंस स्थित प्राथमिक विद्यालय, राजकीय बालिका इंटर कालेज जूनियर शाखा व प्राथमिक विद्यालय नेहरू नगर में आयोजित शिविर के दौरान लोगों को लोकतंत्र में मतदाता व मतदान की अहमियत बतायी गई। कहा गया कि मतदान में अधिक से अधिक लोगों को हिस्सा लेना चाहिए, तभी लोकतंत्र मजबूत होगा। 1 जनवरी 2014 को 18 वर्ष की आयु वाले युवकों व युवतियों को भी मतदाता बनकर मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। यह बहुत ही पुनीत व महत्वपूर्ण कार्य है। इस दौरान सिविल लाइंस स्थित स्कूल में बीएलओ उर्मिला पंथ, असद खां, कमल कुशवाहा, सादिक अंसारी, राजकीय बालिका जूनियर में बिंदु जैन, नेहरू नगर प्राथमिक विद्यालय में बीएलओ रसीदा बानो, पिंकू वर्मा, अफरोज जहां व तारा देवी मौजूद रहीं।
शिविर पर प्रशासन की रही पैनी नजर
ललितपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में पोलिंग बूथों पर आयोजित विशेष शिविर पर प्रशासनिक अधिकारियों की पैनी नजर रही। जिलाधिकारी सहित विभिन्न अफसर बूथों पर जाकर स्थितियों का जायजा लेते रहे। कई स्थानों पर कमियों को दूर करने का निर्देश दिया गया।
भारत निर्वाचन आयोग ने अधिक से अधिक लोगों को मतदान का अवसर मुहैया कराने के लिए रविवार को सभी पोलिंग बूथों पर विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए थे। साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों को बूथों पर विभिन्न व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के लिए भी कहा गया था। पोलिंग बूथों की स्थितियों का जायजा लेने के लिए रविवार को जिलाधिकारी सहित विभिन्न अफसरों ने मतदान केंद्रों का जायजा लिया। जिलाधिकारी ओपी वर्मा ने वर्णी जैन इंटर कालेज, आदर्श प्राइमरी पाठशाला स्थिति पोलिंग बूथों को देखा।
इसके बाद जिलाधिकारी ने मसौरा खुर्द, खड़ेरा, प्राइमरी पाठशाला भैसाई, परिषदीय स्कूल बमरौला, बंगरिया, बिरधा, पाली के कई पोलिंग बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने मसौरा खुर्द में कहा कि फार्म-6 पूरी तरह से नहीं भरा जा रहा है, जिसकी वजह से मतदाता पहचान पत्र में गलतियां अंकित हो जाती हैं। सभी की जन्मतिथि आवश्यक भरी जाए, ताकि मतदाता पहचान पत्र बनते समय गलती न हो। 01 जनवरी 2014 को 18 वर्ष की आयु वाले आवेदकों का स्कूल प्रमाण पत्र आवश्यक रूप से लिया जाए। इस दौरान नायब तहसीलदार अवधेश निगम भी मौजूद रहे।
उधर, तहसीलदार सदर अरुण श्रीवास्तव ने नगर के विभिन्न बूथों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पीएन इंटर कालेज, जीआईसी, जीजीआईसी, आदर्श विद्या मंदिर, जीडी मेमोरियल, नन्हे खां जूनियर हाईस्कूल गोविंद नगर, लिटिल फ्लावर, लेडी बेकन स्कूल चौकाबाग, प्राइमरी पाठशाला सरायपुरा, प्राइमरी पाठशाला लक्ष्मीपुरा सहित विभिन्न पोलिंग बूथों का जायजा लिया। इस दौरान तहसीलदार सदर ने कहा कि फार्म-6 भरने वाले लोगों की बीएलओ मदद करें।