ललितपुर। अब जनपद के सभी थानों में फिर से थाना दिवस का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइंस सभागार में आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला में दी। बसपा सरकार के जाते ही बंद हुए इस आयोजन के एक बार पुन: शुरू होने से भूमि संबंधित मामलों निपटने में आसानी होगी।
पुलिस महानिदेशक एवं अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था व अपराध की ओर से जारी किए गए परिपत्रों के संबंध में अधीनस्थों को विस्तृत जानकारियां देने उद्देश्य से पुलिस लाइंस में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन करते हुए जिलाधिकारी ओपी वर्मा ने कहा कि भूमि से संबंधित विवादों का निपटारा प्राथमिक स्तर पर न सुलझने से बड़ी घटनाओं का कारण बनते हैं। पुलिस एवं राजस्व कर्मचारियों को सामंजस्य बनाकर इन विवादों का निस्तारण करना होगा। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि भूमि से संबंधित मामलों के निपटारे को महीने के प्रथम व तृतीय शनिवार को थाना दिवस आयोजित किए जाएंगे। मामूली विवाद राजस्व निरीक्षक एवं कोतवाली प्रभारी निरीक्षक व बड़े विवादों का निस्तारण एसडीएम एवं क्षेत्राधिकारी स्तर से कराया जाएगा।
परिपत्रों का हवाला देते हुए पुलिस अधीक्षक ने थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि शांति भंग की संभावना होने पर संबंधित पार्टिंयों पर न सिर्फ 107/116 व 151 की कार्रवाई की जाए, बल्कि इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जमानत राशि जब्तीकरण की कार्रवाई अमल में लाई जाए। ऐसे ही एक मामले में कोतवाली पुलिस की शिथिलता उजागर होने पर एसपी ने कोतवाली प्रभारी को कसा। इसके अलावा पुलिस अधीक्षक ने महिला उत्पीड़न के मामलों को गंभीरता से लेने, उनके साथ सद्व्यवहार करने, महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों के बयान घर पर जाकर लिए जाने, घटनास्थल पर वैज्ञानिक पद्धति से साक्ष्य संकलित करने, मुखबिर तंत्र को पुनर्जीवित करने आदि के संबंध में विस्तृत जानकारियां दीं। सुबह साढ़े नौ बजे से शाम साढ़े चार बजे तक चली कार्यशाला के अंत में सभी थानाध्यक्षों से कहा गया कि वे थानों पर वापस लौटकर उच्चाधिकारियों की ओर से जारी किए गए दिशा निर्देशों के अनुपालन को कार्ययोजना तैयार कर अपर पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्रस्तुत करेंगे। कार्यशाला में एएसपी डीआर सरोज, प्रतिसार निरीक्षक जटाशंकर राव, सीओ तालबेहट अरुण कुमार दीक्षित, सीओ सदर सूरत सिंह चौहान, सीओ महरौनी अनिल सिरोही, सीओ नाराहट संजय कुमार आदि उपस्थित रहे।