ललितपुर। सस्ती दर की दुकान का गेहूं नवीन गल्ला मंडी में बेचने को ले जाने की शिकायत पर सक्रिय हुए पूर्ति विभाग के अफसरों व कर्मचारियों ने एक आपे में लदा 29 कुंतल गेहूं जब्त कर लिया। हालांकि वाहन में सवार ग्रामीणों ने गेहूं अपना बताया। मामले की तह तक जाने के लिए पूर्ति अधिकारी जांच में जुए गए हैं।
बिरधा ब्लाक स्थित टेनगा ग्राम पंचायत के कुछ ग्रामीणों ने प्रशासनिक अधिकारियों को फोन पर बताया कि कोटेदार एक वाहन में सस्ती दर का गेहूं नवीन गल्ला मंडी बेचने के लिए ले जा रहा है। शिकायत पर प्रशासनिक अधिकारियों ने पूर्ति विभाग को सक्रिय कर दिया। नवीन गल्ला मंडी के पास पूर्ति निरीक्षक अशोक मिश्र विभागीय कर्मचारियों के साथ पहुंच गए और वाहन का इंतजार करने लगे। कुछ ही देर में गेहूं के बोरों से लदी एक आपे नवीन गल्ला मंडी की ओर जाती दिखाई दी। अधिकारियों ने वाहन को रोक लिया और उसमें रखा 29 बोरा गेहूं गोदाम प्रभारी को सौंप दिया। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक व उसमें बैठे ग्रामीणों ने गेहूं अपना बताते हुए कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। ग्रामीणों ने कहा कि वे अपना गेहूं मंडी बेचने के लिए ले जा रहे थे। प्रकरण की तह तक जाने के लिए पूर्ति निरीक्षक टेनगा पहुंच गए और कोटेदार का स्टाक रजिस्टर तथा अन्य अभिलेखों की जांच में जुट गए। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।