ललितपुर। नगर के मोहल्ला रावतयाना निवासी एक युवक ने महरौनी क्षेत्र के विधायक के पुत्र पर साथियों सहित उस पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। युवक का आरोप है कि विधायक पुत्र एक पुराने मामले में राजीनामा का दबाव बना रहा था। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
मोहल्ला रावतयाना निवासी महबूब खां (22) पुत्र सत्तार खां ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि महरौनी विधायक फेरनलाल अहिरवार के पुत्र सुरेन्द्र ने पहले से चल रहे विवाद में समझौता करने का दबाव उस पर बनाया। शनिवार दोपहर सिविल लाइंस स्थित स्टेट बैंक के पास निर्माणाधीन बिल्डिंग में उसे बुलाया। वहां पहुंचने पर विधायक पुत्र के समर्थकों ने उस पर हमला बोल दिया। लाठियों से उसकी जमकर पिटाई की गई। समझौते को राजी न होने पर विधायक पुत्र ने उसके सिर पर लोहे की रॉड से प्रहार किया। युवक बेहोश होकर गिर गया। होश आने पर वह घायल अवस्था में सीधा कोतवाली पहुंचा। पुलिस ने आरोपी सुरेन्द्र पुत्र फेरनलाल, सिमरिया मड़ावरा निवासी सगुन, मंडी के पास महरौनी निवासी रीतेश रजक एवं एक अज्ञात के विरुद्ध आईपीसी की धारा 307, 323, 342 के तहत मामला पंजीकृत कर लिया है।