ललितपुर। जाखलौन अंतर्गत ग्राम नया गांव में डेढ़ माह पूर्व आग से जली महिला की मौत के मामले में नया मोड़ आया है। मृतका की मां ने ससुराली जनों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से मुकदमा दर्ज कराने की मांग की।
ग्राम नयागांव निवासी सुखवती पत्नी शिवराज लोधी ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर बताया कि उसकी पुत्री क्रांति का विवाह ग्राम छिल्ला निवासी युवक से तीन वर्ष पूर्व हुआ था। शादी के बाद ससुराल में उसकी पुत्री से दहेज में दो लाख रुपये की मांग की जाने लगी। उसने यह बात मायके वालों को बताई। मायके वालों ने दहेज की रकम देने में असमर्थता प्रकट की तो क्रांति को प्रताड़ित किया जाने लगा। गत पांच अक्तूबर को सुबह साढ़े पांच बजे उसे फोन से जानकारी दी गई कि क्रांति ने आग लगा ली है, जिस पर वह परिजनों के साथ जिला चिकित्सालय पहुंचे, जहां क्रांति की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कालेज झांसी रेफर कर दिया था। झांसी से उसे ग्वालियर रेफर किया गया। 17 अक्तूबर बुधवार को क्रांति की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका की मां ने ससुराल पक्ष के आठ लोगों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है