सिलावन (ललितपुर)। एक ओर शिक्षा के अधिकार अधिनियम की दुहाई दी जा रही है वहीं, स्कूल के रास्ते पर अवैध कब्जा हो जाने के कारण छात्र-छात्राओं का आवागमन मुश्किल हो रहा है। शनिवार को महरौनी के बानपुर रोड स्थित जूनियर हाईस्कूल की कक्षाएं सड़क पर संचालित की गईं। परेशान अभिभावकों, शिक्षकों व छात्राओं ने उपजिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर रास्ता कब्जा मुक्त कराने की मांग की।
चौदह वर्ष के हर बच्चे को प्राथमिक शिक्षा पाने का हक प्राप्त हो गया है। इस कानून से अभिभावकों व बच्चों को परिचित कराने को शिक्षा का हक पखवाड़ा मनाया जा रहा है पर हकीकत के धरातल पर स्थिति इसके विपरीत है। महरौनी के वार्ड नंबर नौ स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय के रास्ते पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया है। इस वजह से छात्र- छात्राओं का स्कूल पहुंचना मुश्किल हो गया है। शनिवार को शिक्षकों ने शिक्षण कार्य सड़क पर किया। इस बात की भनक अभिभावकों को लगी तो उन्होंने शिक्षकों व छात्राओं के साथ उप जिलाधिकारी से मुलाकात की और उन्हें समस्या से अवगत कराया। उपजिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में कहा कि महरौनी के बानपुर रोड स्थित वार्ड नंबर नौ में उच्च प्राथमिक विद्यालय बना हुआ है, जिसका रास्ता एक सेक्टर से होकर जाता है। इस मार्ग पर कुछ असरदार व्यक्तियों ने कब्जा कर लिया। इस वजह से विद्यालय का रास्ता बंद हो गया है। शिक्षकों और छात्र-छात्राओं को विद्यालय तक पहुंचना मुश्किल हो रहा है। इसके चलते विद्यालय में ताला डालने की नौबत आ गई है। उन्होंने उप जिलाधिकारी से पुलिस बल की मौजूदगी में रास्ते को कब्जा मुक्त कराने की मांग की है। मांग करने वालों में शिक्षिका मुन्नी देवी, इंद्रा खरे, प्रेम कुमारी जैन, कल्पना अहिरवार, जरीना सहित छात्र-छात्राएं व अभिभावक शामिल रहे।