ललितपुर। जनपद में चिह्नित 99 आंगनबाड़ी केंद्र आदर्श बनेंगे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों व जिलास्तरीय अधिकारियों ने चिह्नित तीन-तीन केंद्र गोद लिए हैं। इन केंद्रों को बेहतर बनाने के साथ आधारभूत संरचना व संसाधन के आधार पर अंकों का आवंटन भी किया जाएगा। इसमें 100 में 80 अंक पाना अनिवार्य होगा।
जिले में 1124 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हो रहे हैं। इनमें से 99 आंगनबाड़ी केंद्रों को आदर्श बनाने का निर्णय लिया गया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी नीरज सिंह ने बताया कि आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र के लिए मानक तय किए गए हैं। आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र के लिए कुल 100 अंकों में से 80 अंक होना आवश्यक है। अंक के आधार पर ही आदर्श केंद्र घोषित किया जाएगा। इसमें आधारभूत संरचना एवं संसाधन के 30 अंक रखे गए हैं, जिसमें विद्युतीकरण के 10 अंक, पेयजल के 10 अंक, शौचालय के 10 अंक हैं। लाभार्थी को सेवाएं व उसकी स्थिति के 30 अंक निर्धारित किए गए हैं। इनमें बच्चों के पोषण स्तर के 10 अंक, अनुपूरक पुष्टाहार के 10 अंक, सामुदायिक आधारित गुणवत्ता आयोजन के 10 अंक हैं। ईसीसीई (अरली चाइल्ड केयर एंड एजूकेशन) के 30 अंक आवंटित हैं, जिसमें ईसीसीई नियमित आयोजन के 10 अंक, पीटीएम (पेरेंट्स मीटिंग) के 10 अंक, प्री-स्कूल किट के 10 अंक, ईसीसीई सामग्री के 10 अंक हैं। आंगनबाड़ी कार्यक्षमता के 10 अंक रखे गए हैं। चिह्नित केंद्रों को इस माह के अंत तक आदर्श बनाने की कार्रवाई पूर्ण कर ली जाएगी। जिन अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने केंद्र गोद ले रखे हैं, वह केंद्र पर पहुंचकर कार्यक्रमों के संचालन की स्थिति का आकलन कर अंक आवंटित कर रहे हैं, साथ ही केंद्र के बेहतर संचालन में आ रही दिक्कतों को दूर करने में सहयोग किया जा रहा है।
यह केंद्र लिए गोद
राज्यमंत्री मनोहरलाल पंथ ने साढूमल, सैदपुर, सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने पटौरा कला व पटौरा खुर्द, रैदासपुरा, जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण निरंजन ने खितवांस, टेनगा, सतरवांस, डीएम आलोक सिंह ने बम्होरीकला, सौरई, सीडीओ अनिल कुमार पांडेय ने लखनपुरा, मसौराकला, डीडीओ ने जाखलोन, बीएसए ने नगरयाना, नत्थीखेड़ा, जिला विद्यालय निरीक्षक ने टूड़ासर, मोतीखेड़ा, धमना आंगनबाड़ी केंद्र शामिल है।